प्रयागराज में अभिनेता आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की आगामी फिल्म पति, पत्नी और वो 2 की शूटिंग के दौरान बड़ा विवाद सामने आया। जानकारी के मुताबिक, 27 अगस्त को थॉर्नहिल रोड पर शूटिंग के समय फिल्म के प्रोडक्शन हेड जोहेब सोलापुरवाला पर कुछ स्थानीय लोगों ने कथित तौर पर हमला कर दिया।
फिल्म के लाइन प्रोड्यूसर सौरभ तिवारी की शिकायत पर 28 अगस्त को सिविल लाइंस थाने में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मेराज अली को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना की पुष्टि अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (शहर) अभिजीत कुमार ने की।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट (Reddit) पर भी वायरल हो रहा है, जिसमें फिल्म क्रू और स्थानीय लोगों के बीच मारपीट होती नजर आ रही है।
पति, पत्नी और वो 2 साल 2019 में रिलीज हुई हिट फिल्म पति, पत्नी और वो का सीक्वल है। मूल फिल्म में भूमि पेडनेकर, अनन्या पांडे और कार्तिक आर्यन लीड रोल में थे। उस फिल्म का निर्देशन मुदस्सर अजीज ने किया था और यह बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी। अब इसके सीक्वल में आयुष्मान और सारा की जोड़ी नज़र आएगी।