बरेली (उप्र)। बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पटानी के बरेली स्थित आवास के बाहर अज्ञात बदमाशों ने देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग की। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। इस वारदात की जिम्मेदारी कुख्यात रोहित गोडारा और गोल्डी बराड़ गैंग ने ली है।
गैंग के सदस्य वीरेंद्र चारण ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर चेतावनी दी कि यह तो सिर्फ "ट्रेलर" है। उसने लिखा कि सनातन धर्म और संतों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पोस्ट में दावा किया गया कि अभिनेत्री दिशा पटानी ने आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज का अपमान किया था।
चारण ने पोस्ट में धमकी दी— “अगर वह या कोई और धर्म और संतों का अपमान करेगा तो अगली बार उसे जिंदा घर से बाहर नहीं निकलने देंगे। यह संदेश केवल उनके लिए नहीं बल्कि सभी कलाकारों और उनसे जुड़े लोगों के लिए है। धर्म और समाज की रक्षा हमारी पहली जिम्मेदारी है।”
घटना की जानकारी मिलते ही दिशा पटानी के पिता जगदीश पटानी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पांच विशेष टीमें गठित कर दी हैं। अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
यह वारदात ठीक एक महीने बाद हुई है जब यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी विजेता एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर पर भी नकाबपोश बदमाशों ने गोलियां बरसाई थीं। उस मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक हमलावर को गिरफ्तार कर लिया था।
दिशा पटानी उस समय घर पर मौजूद नहीं थीं। घटना के दौरान परिवार के सदस्य और केयरटेकर घर पर मौजूद थे, लेकिन किसी को चोट नहीं आई।