कैटरीना कैफ और विक्की कौशल के घर आया नन्हा मेहमान, बेटे के जन्म से गूंजी खुशियां

कैटरीना कैफ और विक्की कौशल के घर आया नन्हा मेहमान, बेटे के जन्म से गूंजी खुशियां

नई दिल्ली, 7 नवंबर 2025: बॉलीवुड के स्टार कपल कैटरीना कैफ और विक्की कौशल माता-पिता बन गए हैं। इस खुशखबरी की जानकारी खुद इस जोड़ी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक प्यारा सा पोस्ट शेयर कर फैंस के साथ साझा की।

पोस्ट में कैटरीना और विक्की ने लिखा, “ब्लेस्ड ओम… हमारी खुशियों का बंडल आ गया है। ढेर सारे प्यार और आशीर्वाद के साथ हमने अपने बेबी बॉय का स्वागत किया है। 7 नवंबर 2025 — कैटरीना और विक्की।” इस पोस्ट के साथ उन्होंने एक खूबसूरत तस्वीर भी साझा की, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

जैसे ही यह खबर सामने आई, फैंस और सेलेब्रिटीज़ ने इस कपल को शुभकामनाओं से घेर लिया। फिल्ममेकर गुनीत मोंगा ने कमेंट किया, “ढेर सारी बधाईयां और प्यार।” वहीं, फैंस ने हार्ट इमोजी और प्यारे मैसेज के ज़रिए इस खुशी में अपनी भागीदारी दिखाई। एक यूजर ने लिखा, “छावा आ गया, मुबारक हो!” जबकि दूसरे ने लिखा, “बधाई हो कैटरीना और विक्की, आपका परिवार पूरा हुआ।”

कैटरीना कैफ और विक्की कौशल ने दिसंबर 2021 में राजस्थान के सिक्स सेंसेस फोर्ट बरवारा में शाही अंदाज़ में शादी की थी। इस शादी में परिवार के सदस्यों के साथ-साथ नेहा धूपिया, अंगद बेदी, कबीर खान, मिनी माथुर, शारवरी वाघ और मालविका मोहनन जैसे करीबी दोस्त शामिल हुए थे।

सितंबर 2025 में इस कपल ने अपनी पहली प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी, जिसके बाद से ही फैंस उनके बच्चे के आने का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे थे। अब बेटे के जन्म से कैटरीना और विक्की के जीवन में नई खुशियां दस्तक दे चुकी हैं।

बॉलीवुड जगत में यह खबर खुशी की लहर लेकर आई है, और अब सभी को इस बात का इंतजार है कि कब यह जोड़ी अपने नन्हे राजकुमार की पहली झलक दुनिया को दिखाएगी।