ऑस्ट्रेलिया में अब बिजली कंपनियों को उपभोक्ताओं के लिए सस्ते प्लान की जानकारी बिल पर साफ और प्रमुख रूप से दिखाना अनिवार्य कर दिया गया है। यह नया नियम ऑस्ट्रेलियन एनर्जी मार्केट कमीशन (AEMC) ने ऊर्जा मंत्री क्रिस बोवेन के अनुरोध पर मंजूर किया है।
यह नियम 30 दिसंबर 2026 से लागू होगा। अभी तक कंपनियों को “बेहतर ऑफर” का संदेश बिल में देना होता था, लेकिन जांच में पाया गया कि लगभग आधे उपभोक्ता बिल खोलते ही नहीं हैं, जिससे वे सस्ते विकल्पों की जानकारी से वंचित रह जाते हैं।
AEMC की चेयर अन्ना कॉलियर ने कहा कि यह बदलाव बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ाएगा और उपभोक्ताओं को राहत देगा।
उन्होंने कहा, “बिजली बिल जटिल होते हैं और लोग व्यस्त रहते हैं। इस कारण कई लोग सस्ते प्लान की जानकारी से चूक जाते हैं। नया नियम दुकान के सामने बड़े अक्षरों में दाम लिखने जैसा है, ताकि कोई भी जानकारी मिस न हो।”
यह फैसला उस समय आया है जब ऑस्ट्रेलियन एनर्जी रेगुलेटर ने पहले ही चेतावनी दी है कि NSW, साउथ ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण-पूर्व क्वींसलैंड में डिफॉल्ट ऑफर पर घरेलू बिजली बिल जुलाई से 9.7 प्रतिशत तक बढ़ेंगे।
अब उम्मीद की जा रही है कि नया नियम ग्राहकों को सस्ते विकल्प चुनने का मौका देगा और बढ़ते बिजली खर्च से कुछ राहत मिलेगी।