उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को उस समय बड़े हादसे से बाल-बाल बच गए जब उन्हें लेकर उड़ान भर रहे हेलीकॉप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई और केबिन में धुआं भरने लगा। स्थिति गंभीर होते देख पायलट ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर हेलीकॉप्टर की आपात लैंडिंग करा दी।
जानकारी के अनुसार, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सुबह ला-मार्टिनियर ग्राउंड से हेलीकॉप्टर द्वारा कौशाम्बी के लिए रवाना हुए थे। उन्हें वहां पार्टी पदाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करनी थी तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण भी निर्धारित था।
बताया जा रहा है कि उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद हेलीकॉप्टर में तकनीकी समस्या उत्पन्न हो गई, जिससे केबिन के अंदर धुआं फैलने लगा। अचानक धुआं भरने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और यात्रियों की सांसें अटक गईं।
हालांकि पायलट ने स्थिति को संभालते हुए तत्काल हेलीकॉप्टर को वापस लखनऊ एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया और अमौसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित आपात लैंडिंग कराई। समय रहते हेलीकॉप्टर को उतार लिए जाने से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद सुरक्षा और तकनीकी टीम ने हेलीकॉप्टर की जांच शुरू कर दी है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार तकनीकी खामी की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।