क्वीन्‍सलैंड बजट से बिगड़े हालात, S&P ग्लोबल ने दी क्रेडिट रेटिंग में गिरावट की चेतावनी

क्वीन्‍सलैंड बजट से बिगड़े हालात, S&P ग्लोबल ने दी क्रेडिट रेटिंग में गिरावट की चेतावनी

ब्रिस्बेन | 24 जून 2025

ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड राज्य की माली हालत बिगड़ती नजर आ रही है। मंगलवार को जारी राज्य के बजट के बाद क्रेडिट रेटिंग एजेंसी S&P ग्लोबल रेटिंग्स ने चेतावनी दी है कि राज्य की वित्तीय स्थिति में "तेज गिरावट" हो रही है।

बजट के अनुसार, आगामी वित्त वर्ष में राज्य का घाटा 1.7 अरब डॉलर बढ़कर 8.6 अरब डॉलर तक पहुंच जाएगा। एजेंसी के अनुसार, कम होता GST हिस्सा, गिरती कोयला रॉयल्टी, और पिछली लेबर सरकार की आर्थिक नीतियां इस गिरावट के मुख्य कारण हैं।

S&P के गवर्नमेंट रेटिंग्स डायरेक्टर एंथनी वॉकर ने कहा,

“आज पेश किया गया क्वीन्‍सलैंड बजट राज्य की वित्तीय स्थिति में तेज गिरावट को दर्शाता है। बढ़ता कर्ज, राजस्व की तुलना में बढ़ती देनदारियां और नकदी भंडार में गिरावट चिंता का विषय है।”

गौरतलब है कि नवनिर्वाचित लिबरल नेशनल पार्टी (LNP) सरकार का यह पहला बजट था। वित्त मंत्री डेविड जनेत्ज़की ने इसे पेश करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने राज्य की ऋण रणनीति को "रीसेट" नहीं किया बल्कि उसे "ताजा रूप" दिया है।

हालांकि, बजट में एक राहत की बात यह भी रही कि राज्य की कुल शुद्ध देनदारी को 2028-29 तक 205.7 अरब डॉलर तक सीमित रखने का लक्ष्य तय किया गया है।

मुख्यमंत्री डेविड क्रिसाफुली ने चुनाव से पहले राज्य का कर्ज कम करने का वादा किया था, लेकिन बजट में दिखी वास्तविकता इससे विपरीत नजर आई।

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर राज्य की वित्तीय स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ तो आने वाले समय में क्वींसलैंड की क्रेडिट रेटिंग में गिरावट तय है, जिससे उधारी महंगी हो सकती है और विकास परियोजनाओं पर असर पड़ेगा।