लेबर सरकार ने संकेत दिया है कि वह पेनल्टी रेट्स और ओवरटाइम वेतन की सुरक्षा को लेकर नई संसद के पहले ही सत्र में कड़ा कदम उठाने जा रही है। सरकार उन loopholes को बंद करना चाहती है जिनकी वजह से वीकेंड, छुट्टियों और देर रात की शिफ्ट में काम करने वाले कर्मचारी अपने मेहनताने से वंचित हो रहे हैं।
रोज़गार मंत्री अमांडा रिसवर्थ ने शनिवार को घोषणा की कि 2.6 मिलियन कर्मचारियों के लिए पेनल्टी दरों की रक्षा करने वाला नया कानून जल्द ही पेश किया जाएगा।
“अगर आप मॉडर्न अवार्ड सेफ्टी नेट पर निर्भर हैं और सप्ताहांत, सार्वजनिक छुट्टियों या अजीब समय पर काम करते हैं, तो आपकी मज़दूरी की रक्षा होनी चाहिए,” रिसवर्थ ने कहा।
उन्होंने इसे सरकार की शीर्ष प्राथमिकता बताया और कहा कि प्रस्तावित कानून में संशोधन कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पेनल्टी रेट्स या ओवरटाइम का भुगतान 'एकीकृत वेतन' में मिलाकर इस तरह न किया जाए जिससे किसी भी कर्मचारी को कम वेतन मिले।
रिसवर्थ ने बताया कि अवार्ड वेतन पर काम करने वाले अधिकांश कर्मचारी महिलाएं, पार्ट-टाइम कर्मचारी, 35 वर्ष से कम आयु वाले युवा और कैजुअल कर्मचारी होते हैं। ऐसे वर्गों को यह कानून विशेष राहत देगा।
कैनबरा में संवाददाताओं से बात करते हुए रिसवर्थ ने खुद खुदरा कर्मचारियों के साथ मंच साझा किया, जिन्होंने बताया कि पेनल्टी रेट्स उनकी जीविका के लिए कितनी महत्वपूर्ण हैं।
डैनियल नामक एक रिटेल कर्मचारी ने बताया कि वह प्रति सप्ताह लगभग $85 पेनल्टी दरों से कमाते हैं, जो सालाना लगभग $4240 होती है। यह राशि उनके लिए डॉक्टर, डेंटिस्ट, पालतू जानवरों के इलाज और अन्य घरेलू खर्चों के लिए अहम है।
“अगर पेनल्टी रेट्स खत्म हो जाएं, तो मुझे ज्यादा काम करना पड़ेगा, अपने परिवार और दोस्तों से कम मिलूंगा, और छुट्टी का सपना भी देखना मुश्किल हो जाएगा,” उन्होंने कहा।
सरकार के अनुसार, रिटेल, क्लेरिकल और बैंकिंग सेक्टर की कुछ कंपनियों ने हाल ही में कर्मचारियों की पेनल्टी दरों को एकीकृत वेतन में समाहित कर उन्हें कम भुगतान देना शुरू कर दिया है, जो पूरी तरह अनुचित है।
“एंटरप्राइज बार्गेनिंग के जरिए लाभ-हानि पर समझौता किया जा सकता है, लेकिन अवार्ड सेफ्टी नेट को खत्म करना गलत है,” रिसवर्थ ने दोहराया।
नए संसद में, लेबर सरकार को यह कानून पास कराने के लिए केवल ग्रीन्स पार्टी के समर्थन की आवश्यकता होगी। ऐसे में यह कानून आसानी से पास हो सकता है, और इससे देशभर के लाखों कम वेतन पाने वाले कर्मचारी राहत की सांस ले सकेंगे।