पौराणिक कथाओं पर आधारित पैन इंडिया एनिमेटेड फिल्म महावतार नरसिम्हा न केवल बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है, बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक सीमाओं को पार करते हुए सभी समुदायों के दिलों में जगह बना रही है।
फिल्म के निर्देशक अश्विन कुमार ने बताया कि मुस्लिम दर्शकों की ओर से भी फिल्म को अप्रत्याशित रूप से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। उनका कहना है कि कई मुस्लिम दर्शकों ने फिल्म देखने के बाद उनसे मुलाकात कर इसे एक गहरे भावनात्मक और प्रेरणादायक अनुभव बताया।
अश्विन कुमार ने स्पष्ट किया, “यह फिल्म किसी के धर्म को बदलने के लिए नहीं, बल्कि हर व्यक्ति को अपनी आस्था और विश्वास को और मजबूत करने के लिए बनाई गई है। चाहे वह हिंदू हों, मुस्लिम हों या किसी भी धर्म के अनुयायी, संदेश सबके लिए समान है—सत्य, साहस और भक्ति की शक्ति।”
फिल्म में भगवान नरसिंह के अवतार की कथा को आधुनिक एनीमेशन तकनीक और भव्य विजुअल्स के साथ प्रस्तुत किया गया है। पौराणिक गाथा के साथ-साथ इसमें सार्वभौमिक मूल्यों को भी जोड़ा गया है, जिसके कारण यह न केवल धार्मिक, बल्कि सांस्कृतिक दृष्टि से भी व्यापक दर्शक वर्ग को जोड़ने में सफल हो रही है।
महावतार नरसिम्हा फिलहाल देश के कई राज्यों में हाउसफुल जा रही है और बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी वर्गों के दर्शक सिनेमाघरों में इसे देखने पहुंच रहे हैं।