प्रवासी श्रमिकों के लिए ममता सरकार का बड़ा ऐलान रोज़गार मिलने तक 5000 रुपये मासिक भत्ता

प्रवासी श्रमिकों के लिए ममता सरकार का बड़ा ऐलान  रोज़गार मिलने तक 5000 रुपये मासिक भत्ता

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रवासी श्रमिकों के पुनर्वास के लिए एक नई योजना की घोषणा की है। इस योजना के तहत राज्य सरकार उन प्रवासी मजदूरों को एक वर्ष तक या रोजगार मिलने तक हर महीने 5000 रुपये की आर्थिक सहायता देगी, जो काम की तलाश में लौटकर बंगाल आए हैं।

सीएम ममता ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में बंगाली भाषी प्रवासी मजदूरों पर सुनियोजित तरीके से हमले किए जा रहे हैं। उनके मुताबिक लगभग 22 लाख प्रवासी श्रमिक और उनके परिवार प्रभावित हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर इन घटनाओं को रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया।

भाषा के कारण उत्पीड़न का आरोप

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अन्य राज्यों में बंगाली बोलने वाले मजदूरों को अक्सर 'बांग्लादेशी' कहकर प्रताड़ित किया जाता है और उन्हें जबरन वापस भेजा जाता है। उन्होंने कहा, “मैं आखिरी सांस तक बंगाल के लोगों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा करती रहूंगी।”

केंद्र पर निशाना

ममता बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार चुनाव आयोग का दुरुपयोग कर रही है और बंगाल में NRC लागू करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने भाजपा पर समाज में विभाजन फैलाने का भी आरोप लगाया।

राज्य मंत्रिमंडल ने इस पुनर्वास योजना को मंजूरी दे दी है, ताकि प्रवासी मजदूर नए सिरे से अपना जीवन शुरू कर सकें।