ईरान में दमन पर अमेरिका सख्त, व्हाइट हाउस की खामेनेई शासन को चेतावनी

ईरान में दमन पर अमेरिका सख्त, व्हाइट हाउस की खामेनेई शासन को चेतावनी

ईरान में जारी सरकार-विरोधी प्रदर्शनों और कथित मानवाधिकार उल्लंघनों को लेकर अमेरिका ने तेहरान के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। व्हाइट हाउस ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि ईरान में हत्याएं और फांसी की सजाएं जारी रहीं तो इसके “गंभीर परिणाम” होंगे।

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने शुक्रवार को बयान जारी करते हुए कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी टीम ने ईरानी नेतृत्व को साफ संदेश दे दिया है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका के दबाव के बाद ईरान में प्रस्तावित 800 फांसी की सजाओं पर फिलहाल रोक लगा दी गई है।

कैरोलिन लेविट के अनुसार, “अगर ईरान में हिंसा और हत्याओं का सिलसिला जारी रहता है तो अमेरिका के पास कई विकल्प मौजूद हैं और राष्ट्रपति स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।”

18 व्यक्तियों और कंपनियों पर प्रतिबंध

अमेरिका ने ईरान में प्रदर्शनों को कुचलने के आरोप में बड़ा कदम उठाते हुए ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव सहित एक गुप्त बैंकिंग नेटवर्क से जुड़े 18 व्यक्तियों और कंपनियों पर प्रतिबंध लगाए हैं। अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि ये लोग और संस्थाएं दमनात्मक कार्रवाइयों को वित्तीय मदद पहुंचा रहे थे।

ईरान पर हमला फिलहाल टला

व्हाइट हाउस ने यह भी संकेत दिया है कि ईरान पर सैन्य कार्रवाई को फिलहाल टाल दिया गया है। प्रेस सचिव के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि हाल के दिनों में ईरान में हिंसा की घटनाओं में कुछ कमी आई है, जिस कारण तत्काल हमला नहीं किया जाएगा।

खाड़ी देशों की कूटनीति से बनी बात

सूत्रों के अनुसार, सऊदी अरब, कतर, ओमान और मिस्र जैसे खाड़ी देशों की कूटनीतिक पहल के बाद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने की दिशा में बातचीत का रास्ता खुला है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक लगभग 48 घंटे की कूटनीतिक कोशिशों के बाद अमेरिका ने ईरान पर संभावित हमले को स्थगित करने का फैसला लिया।

इस बीच ईरान ने अपना हवाई क्षेत्र दोबारा खोल दिया है, जिसे क्षेत्रीय तनाव में अस्थायी कमी के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि अमेरिका ने दो टूक कहा है कि हालात बिगड़ने पर कड़ा कदम उठाने से वह पीछे नहीं हटेगा।