सिडनी: न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने एक 22 वर्षीय मां को गिरफ्तार किया है, जिस पर अपनी दो महीने की बच्ची को गंभीर रूप से घायल करने का आरोप है। बच्ची को 27 जून को सिडनी के माउंट ड्रयूइट अस्पताल में गंभीर हालत में लाया गया था, जहां डॉक्टरों को उसे पुनर्जीवित करना पड़ा।
पुलिस के अनुसार, बच्ची को सिर में गंभीर चोटें थीं और बाद में उसे वेस्टमीड चिल्ड्रन हॉस्पिटल में ट्रांसफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। माना जा रहा है कि बच्ची को ब्रेन इंजरी (मस्तिष्क की चोट) हुई है।
राज्य अपराध कमांड की चाइल्ड एब्यूज स्क्वाड ने मामले की जांच शुरू की थी। गहन जांच के बाद पुलिस ने गुरुवार को ग्रेस्तेन्स क्षेत्र से महिला को गिरफ्तार किया और ग्रैनविल पुलिस स्टेशन ले जाया गया।
महिला पर दो बार लापरवाही से गंभीर शारीरिक क्षति पहुँचाने (Reckless Grievous Bodily Harm - DV) और हमले से वास्तविक शारीरिक क्षति पहुंचाने (Assault Occasioning Actual Bodily Harm - DV) के आरोप लगाए गए हैं।
हालांकि महिला को सशर्त ज़मानत मिल गई है और अब वह अगले महीने पैरामेटा लोकल कोर्ट में पेश होगी।
सूत्रों के अनुसार, महिला के साथ अस्पताल में एक पुरुष भी मौजूद था, लेकिन उस पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है।
यह मामला समाज को झकझोरने वाला है और बाल सुरक्षा एजेंसियां भी इस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।
बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन चिंता बनी हुई है।