शोले के 50 साल: रमेश सिप्पी का खुलासा – सबसे ज्यादा फीस लेने वाले एक्टर थे धर्मेंद्र

शोले के 50 साल: रमेश सिप्पी का खुलासा – सबसे ज्यादा फीस लेने वाले एक्टर थे धर्मेंद्र

भारतीय सिनेमा की सबसे आइकॉनिक फिल्मों में शुमार शोले ने 15 अगस्त 2025 को अपने 50 साल पूरे कर लिए। 15 अगस्त 1975 को रिलीज हुई इस फिल्म ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़े, बल्कि दर्शकों के दिलों में अमर छाप छोड़ी। रमेश सिप्पी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 70 के दशक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक रही, जिसने लगभग 35 करोड़ रुपये का बिज़नेस किया और उस समय के सभी कलेक्शन रिकॉर्ड तोड़ दिए।

फिल्म के संवाद, किरदार और कहानी पर आज भी उतनी ही चर्चा होती है, जितनी रिलीज के वक्त होती थी। लेकिन एक सवाल हमेशा दर्शकों के मन में रहा – शोले में सबसे ज्यादा फीस किसने ली? इस राज़ से पर्दा हाल ही में खुद रमेश सिप्पी ने हटाया।

एनडीटीवी डॉट कॉम को दिए एक इंटरव्यू में रमेश सिप्पी ने बताया कि फिल्म के सबसे महंगे एक्टर धर्मेंद्र थे। उन्होंने कहा, "उस वक्त धर्मेंद्र बड़े सितारे थे, इसलिए उनकी फीस सबसे ज्यादा थी।"

रमेश सिप्पी ने यह भी खुलासा किया कि फिल्म का शुरुआती बजट करीब 1 करोड़ रुपये तय किया गया था, लेकिन शूटिंग के दौरान यह बढ़कर लगभग 3 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जिसमें कलाकारों की फीस भी शामिल थी।

शोले ने न सिर्फ 1960 में रिलीज हुई मुगल-ए-आजम (10.80 करोड़ रुपये) की कमाई का रिकॉर्ड तोड़ा, बल्कि 70 के दशक की अन्य ब्लॉकबस्टर फिल्मों जैसे बॉबी, मुकद्दर का सिकंदर, रोटी कपड़ा और मकान तथा अमर अकबर एंथनी को भी कमाई में पीछे छोड़ दिया।

आज भी ‘बसंती इन कुत्तों के सामने मत नाचना’ और ‘कितने आदमी थे?’ जैसे डायलॉग पीढ़ी दर पीढ़ी दोहराए जाते हैं, और गब्बर, वीरू, जय जैसे किरदार भारतीय सिनेमा के इतिहास में अमर हो चुके हैं।