ऑस्ट्रेलियाई सांख्यिकी ब्यूरो (ABS) और कई प्रमुख मीडिया आउटलेट्स के बीच प्रवासन आंकड़ों को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। ABS ने मीडिया पर आरोप लगाया है कि वह “भ्रामक” आंकड़ों का हवाला देकर प्रवासन बहस को गुमराह कर रहे हैं।
पिछले सप्ताह जारी ABS के आंकड़ों में दिखाया गया कि 30 जून तक छह महीने की अवधि में 2,79,460 नेट स्थायी और दीर्घकालिक आगमन (NPLT) दर्ज हुए। पूरे वित्तीय वर्ष 2024-25 में यह संख्या 4,57,560 तक पहुंच गई, जो रिकॉर्ड स्तर के करीब है।
इन आंकड़ों के आधार पर कुछ मीडिया चैनलों और नेताओं ने दावा किया कि ऑस्ट्रेलिया में “हर दिन 1500 से अधिक नए लोग” आ रहे हैं।
रेडियो 2GB के एंकर बेन फोर्डहैम ने कहा, “ऑस्ट्रेलिया हर दिन 1544 नए लोगों को ले रहा है। यह पांच बोइंग 787 विमानों के बराबर है। अगर यही रफ्तार रही तो तीन साल में देश की आबादी 14 लाख बढ़ जाएगी, जो एडिलेड के बराबर है।”
ABS ने गुरुवार को कड़ा बयान जारी करते हुए कहा कि मीडिया आउटलेट्स “ओवरसीज अराइवल्स एंड डिपार्चर्स (OAD) डेटा” का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं।
ब्यूरो ने स्पष्ट किया कि OAD आंकड़े सिर्फ बॉर्डर क्रॉसिंग गिनते हैं, न कि वास्तविक प्रवासन।
ABS के अनुसार, “यह आंकड़ा उन यात्रियों की आत्म-घोषित सूचनाओं पर आधारित है, जिससे वास्तविक जनसंख्या वृद्धि या प्रवासन का सही अंदाजा नहीं लगाया जा सकता।”
उदाहरण के लिए, कोई व्यक्ति यदि तीन साल से ऑस्ट्रेलिया में अस्थायी वीज़ा पर रह रहा है और बार-बार विदेश यात्रा करता है, तो वह हर बार “लॉन्ग-टर्म विज़िटर अराइवल” के रूप में गिना जाएगा। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उसने हर बार प्रवास किया।
मैक्रोबिज़नेस के मुख्य अर्थशास्त्री लीथ वॉन ओन्सेलन ने खुलासा किया कि ABS के मीडिया अधिकारियों ने उन्हें मेल कर कहा कि वे जनता को गुमराह कर रहे हैं।
उन्होंने जवाब दिया कि सरकार के अपने Centre for Population दस्तावेज़ में भी OAD डेटा को प्रवासन का “लीडिंग इंडिकेटर” माना गया है।
उनका आरोप है कि ABS मीडिया की आवाज़ दबाने और प्रवासन पर बहस को सीमित करने की कोशिश कर रहा है।
ABS के मुताबिक, 2023-24 में नेट ओवरसीज माइग्रेशन (NOM) 4,46,000 रहा, जो 2022-23 के 5,36,000 से कम है।
लेकिन NOM के इस आधिकारिक आंकड़े और NPLT/OAD डेटा के बीच अंतर को लेकर भ्रम और राजनीतिक बहस लगातार बढ़ रही है।