सिडनी। प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ ने अपने 30 साल पुराने संसदीय कार्यालय को छोड़ने का ऐलान किया है। सिडनी के इनर वेस्ट क्षेत्र के मार्रिकविले स्थित यह कार्यालय लगातार “आक्रामक प्रदर्शनकारियों” के निशाने पर था।
हामास के 7 अक्तूबर 2023 के हमलों के बाद से अल्बानीज़ के कार्यालय के बाहर pro-Palestine प्रदर्शनकारियों का जमावड़ा बढ़ गया था। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्रधानमंत्री गाज़ा में नागरिकों की पीड़ा रोकने के लिए ठोस कदम नहीं उठा रहे और यहाँ तक कि उनकी सरकार पर इज़राइल को हथियार उपलब्ध कराने का भी आरोप लगाया गया।
कार्यालय पर कई बार तोड़फोड़ और अवरोध की घटनाएँ हुईं। इससे न केवल आम नागरिकों को कार्यालय तक पहुँचने में कठिनाई हुई बल्कि बगल में स्थित सेंट क्लेमेंट्स चर्च के धार्मिक कार्यक्रमों, यहाँ तक कि अंतिम संस्कार जैसी सेवाओं में भी व्यवधान पड़ा।
अल्बानीज़ ने कहा, “दुर्भाग्य से पिछले दो वर्षों में आक्रामक प्रदर्शनकारियों ने बार-बार कार्यालय का रास्ता अवरुद्ध किया है। इससे सहायता पाने आने वाले लोगों और पड़ोसी चर्च के श्रद्धालुओं को काफी परेशानी हुई है।”
उन्होंने कहा कि कार्यालय बदलने के बावजूद जनता की सेवा बाधित नहीं होगी। “मेरे निर्वाचन क्षेत्र की जनता को समर्पित अधिकारी नई जगहों, ऑनलाइन और फोन के माध्यम से पूरी तरह सेवा देते रहेंगे।”
प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया है कि वे अपने निर्वाचन क्षेत्र के भीतर ही नया कार्यालय खोलेंगे। मार्रिकविले में तीन दशक से संचालित यह दफ़्तर उनके पूरे संसदीय करियर का प्रतीक रहा है, लेकिन सुरक्षा और जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए अब इसे स्थानांतरित किया जा रहा है।