ऑस्ट्रेलिया के खुदरा बाज़ार में एक बार फिर जर्मन डिस्काउंट सुपरमार्केट चेन Aldi ने अपना दबदबा साबित कर दिया है। उपभोक्ताओं की राय के आधार पर तैयार की गई Canstar Blue की वार्षिक सुपरमार्केट संतुष्टि रिपोर्ट में Aldi को लगातार आठवें साल “देश का सर्वश्रेष्ठ सुपरमार्केट” घोषित किया गया। इस जीत के साथ Aldi ने Woolworths, Coles और IGA जैसे दिग्गजों को पछाड़ते हुए एक बार फिर कीमत और ग्राहक संतुष्टि में अपनी बादशाहत कायम रखी।
रिपोर्ट में साफ़ कहा गया है कि Aldi अकेला ऐसा ब्रांड है जिसे आठ सालों से लगातार कुल ग्राहक संतुष्टि और पैसों की पूरी कीमत वसूल जैसी श्रेणियों में पांच सितारा रेटिंग मिली है। Canstar Blue की प्रवक्ता ईडन रैडफोर्ड का कहना है कि महंगाई के इस दौर में लोग सस्ता विकल्प चाहते हैं, लेकिन क्वालिटी से कोई समझौता नहीं करना चाहते, और यही वजह है कि Aldi का पलड़ा हर बार भारी पड़ता है।
उन्होंने बताया कि Aldi के खुद के ब्रांड वाले उत्पादों की गुणवत्ता और उनकी स्थिर कीमतें, ग्राहकों के लिए बड़ा आकर्षण हैं।
Aldi ऑस्ट्रेलिया के ग्रुप डायरेक्टर सायमन पादोवानी-जिनी ने कहा, “हमारे लिए यह सिर्फ एक अवॉर्ड नहीं, बल्कि हमारे Price Promise का सबूत है – हम आपके साप्ताहिक खर्च में किसी से पीछे नहीं हैं। हमारे ग्राहक जानते हैं कि हम हमेशा बेहतरीन दाम पर बेहतरीन क्वालिटी देंगे।”
ऑस्ट्रेलिया में बढ़ती लागत-ए-जीवन ने उपभोक्ताओं को सोच-समझकर खर्च करने पर मजबूर कर दिया है। ऐसे माहौल में Aldi अपनी सस्ती कीमतों, भरोसेमंद क्वालिटी और स्थिर प्राइसिंग की वजह से घर-घर की पहली पसंद बन गया है।
रिटेल इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि अगर मौजूदा रफ्तार जारी रही, तो अगले कुछ सालों तक सुपरमार्केट की इस जंग में Aldi को टक्कर देना मुश्किल ही नहीं, नामुमकिन होगा।