नई दिल्ली। आगामी बजट सत्र से पहले केंद्र सरकार ने सभी राजनीतिक दलों के साथ संवाद की पहल करते हुए 27 जनवरी को सर्वदलीय बैठक बुलाने का निर्णय लिया है। संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसमें लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों के फ्लोर लीडर्स शामिल होंगे।
सूत्रों के अनुसार, बैठक संसद के मुख्य समिति कक्ष में आयोजित की जाएगी। इसमें बजट सत्र के दौरान प्रस्तावित विधायी कार्यों, सत्र के एजेंडे और संसद की सुचारू कार्यवाही सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा होगी। सरकार की कोशिश रहेगी कि महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दों और विधेयकों पर व्यापक सहमति बनाकर सत्र को बिना व्यवधान के आगे बढ़ाया जाए।
उल्लेखनीय है कि संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू होकर 2 अप्रैल तक चलेगा। सत्र दो चरणों में आयोजित होगा। पहला चरण 28 जनवरी से 13 फरवरी तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 9 मार्च से 2 अप्रैल तक निर्धारित है। पूरे सत्र के दौरान लगभग 30 बैठकें होने की संभावना है।
बजट सत्र की औपचारिक शुरुआत राष्ट्रपति के संयुक्त संबोधन से होगी। इसके बाद केंद्रीय बजट 2026-27 एक फरवरी को संसद में पेश किया जाएगा। सरकार के लिए यह सत्र आर्थिक नीतियों और विधायी प्राथमिकताओं के लिहाज से अहम माना जा रहा है।