सीतामढ़ी, 8 अगस्त — केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को बिहार के सीतामढ़ी जिले के ग्राम पुनौरा स्थित माता जानकी की जन्मस्थली पुनौरा धाम मंदिर और उसके परिसर के व्यापक विकास योजना का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे।
भूमिपूजन कार्यक्रम दोपहर एक बजे शुरू हुआ, जिसमें मंदिर के साथ-साथ सीताकुण्ड और आस-पास के पर्यटन स्थलों के समग्र विकास का संकल्प लिया गया। यह महत्वाकांक्षी परियोजना 2028 तक पूरी होने की उम्मीद है। राज्य सरकार ने अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि की तर्ज पर पुनौरा धाम को विकसित करने का निर्णय लिया है, जिसके लिए लगभग 50 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है।
कुल 882.87 करोड़ रुपये की लागत वाली इस योजना में भूमि अधिग्रहण, मंदिर परिसर का पुनर्निर्माण, धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्यटन से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं का विकास शामिल है। परियोजना का संचालन पर्यटन विभाग करेगा, जबकि प्रबंधन के लिए बिहार के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक न्यास समिति गठित की गई है।
अमित शाह ने इस मौके पर सीतामढ़ी से दिल्ली के लिए अमृत भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की स्वीकृति से शुरू की गई है, ताकि पुनौरा धाम आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर संपर्क सुविधा मिल सके।
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शाह ने इसे मिथिलांचल और पूरे देश के लिए ‘‘अत्यंत सौभाग्य और हर्ष का दिन’’ बताया। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल धार्मिक आस्था को सशक्त करेगी, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी नया आयाम देगी।