नई दिल्ली, 28 अगस्त 2025। राजधानी दिल्ली में गुरुवार सुबह तब अफरा-तफरी मच गई जब चाणक्यपुरी स्थित जीसस एंड मैरी कॉलेज समेत करीब 20 कॉलेजों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला। अचानक आई इस धमकी से कॉलेज प्रशासन और छात्रों में दहशत फैल गई। सभी कॉलेजों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद दिल्ली पुलिस की टीमें सक्रिय हो गईं।
सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की बम निरोधक दस्ता और जांच एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और कॉलेज परिसरों की गहन तलाशी ली। शुरुआती जांच में धमकी को फर्जी पाया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ई-मेल भेजने के लिए वीपीएन का इस्तेमाल किया गया था, जिससे आरोपी की लोकेशन का पता लगाना फिलहाल मुश्किल हो रहा है।
धमकी के बाद कई कॉलेजों ने कक्षाओं को अस्थायी रूप से रोक दिया और छात्रों को सतर्क रहने की सलाह दी गई। अभिभावक भी इस खबर के बाद चिंतित हो उठे। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा को लेकर पुलिस के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।
यह पहला मौका नहीं है जब राजधानी के शैक्षणिक संस्थानों को बम धमकी मिली हो। इससे पहले भी कई स्कूलों को ई-मेल और फोन कॉल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। हालांकि हर बार जांच में ये धमकियां फर्जी निकलीं, लेकिन हर बार सुरक्षा एजेंसियों को सतर्कता बरतनी पड़ी।
लगातार मिल रही फर्जी धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि अब तक धमकी देने वालों का पता नहीं चल पाया है। बार-बार की इन घटनाओं ने राजधानी के स्कूल-कॉलेजों में भय का माहौल बना दिया है।