नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह एक बार फिर बम धमकियों से हड़कंप मच गया। शहर के अलग-अलग इलाकों में स्थित नौ स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। सूचना मिलते ही Delhi Police, फायर ब्रिगेड और बम निरोधक दस्ते की टीमें मौके पर पहुंचीं और बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
धमकी मिलने वाले स्कूलों में दिल्ली कैंट स्थित लॉरेटो कॉन्वेंट स्कूल, श्री निवासपुरी और न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के केम्ब्रिज स्कूल, रोहिणी के वेदव्यास/वेदांत/वेंकटेश्वर स्कूल, द इंडियन स्कूल (सादिक नगर), सीएम श्री स्कूल (रोहिणी), डीटीए स्कूल (आईएनए), बाल भारती स्कूल (रोहिणी), एयर फोर्स स्कूल (लोधी रोड व सुब्रतो पार्क), केआर मंगलम स्कूल सहित अन्य स्कूल शामिल हैं।
एहतियात के तौर पर सभी स्कूल परिसरों को तुरंत खाली करा लिया गया और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। स्कूल प्रशासन ने अभिभावकों को तत्काल सूचना देकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर आश्वस्त किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, धमकी भरे ईमेल में आपत्तिजनक और भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल किया गया है। हालांकि, अब तक किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में ये धमकियां संदिग्ध प्रतीत हो रही हैं, लेकिन किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही और हर सूचना को तय सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत गंभीरता से जांचा जा रहा है।
गौरतलब है कि बीते कुछ महीनों में दिल्ली के कई स्कूलों को फर्जी बम धमकियां मिल चुकी हैं। जांच में सामने आया था कि इनमें से अधिकांश ईमेल या इंटरनेट कॉल विदेश से भेजे गए थे। पुलिस साइबर सेल की मदद से इस मामले की भी गहन जांच कर रही है और धमकी भेजने वालों का पता लगाने की कोशिश जारी है।