मुंबई। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) ने शुक्रवार को ₹2929 करोड़ के बैंक घोटाले के मामले में रिलायंस कम्युनिकेशन लिमिटेड (RCOM) और इसके डायरेक्टर अनिल डी. अंबानी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान सीबीआई की टीम ने मुंबई में दो जगहों पर छापेमारी की—एक आरकॉम के ऑफिस पर और दूसरा अनिल अंबानी के घर पर।
सीबीआई को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), मुंबई से शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने बैंक से लोन लेने के लिए गलत जानकारी दी और बाद में इस लोन की रकम का दुरुपयोग किया गया।
जांच एजेंसी का कहना है कि फर्जी इनवॉइस, इंटर-कॉरपोरेट डिपॉजिट और नकली डेब्टर्स बनाकर करोड़ों रुपये की हेराफेरी की गई। यहां तक कि समूह की कंपनी नेटिज़न इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड को दिए गए कैपिटल एडवांस को राइट ऑफ़ कर दिया गया।
रिलायंस कम्युनिकेशन लिमिटेड (RCOM)
कंपनी के डायरेक्टर अनिल डी. अंबानी
अज्ञात सरकारी अफसर
अन्य संबंधित व्यक्ति
इन सभी पर आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और भरोसे का दुरुपयोग जैसे गंभीर आरोप लगे हैं।
सीबीआई ने 21 अगस्त 2025 को इस मामले में औपचारिक रूप से केस दर्ज किया और इसके बाद स्पेशल जज, मुंबई से सर्च वारंट हासिल किया। 23 अगस्त को एजेंसी की टीम ने मुंबई में छापेमारी की कार्रवाई शुरू की, जो अब भी जारी है।
👉 यह मामला देश के बड़े कॉर्पोरेट बैंक फ्रॉड्स में से एक माना जा रहा है। जांच पूरी होने तक और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।