नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के लिए बुनियादी ढाँचे की दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इनमें अर्बन एक्सटेंशन रोड (UER-II) का उद्घाटन और द्वारका एक्सप्रेसवे के नए सेक्शन का लोकार्पण शामिल है।
प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि इन परियोजनाओं से दिल्ली-एनसीआर में आवागमन बेहद आसान होगा और प्रदूषण कम करने की दिशा में भी ठोस कदम उठेगा। उन्होंने कहा, “ग्रीन दिल्ली-क्लीन दिल्ली के मंत्र को हमें और मजबूत करना है। नई परियोजनाएँ न केवल ट्रैफिक का दबाव कम करेंगी, बल्कि पर्यावरण को भी स्वच्छ बनाएंगी।”
UER-II के शुरू हो जाने के बाद दिल्ली और एनसीआर के विभिन्न हिस्सों के बीच यात्रा सुगम होगी। यह सड़क नेटवर्क शहर के भीतरी हिस्सों में लगने वाले जाम को कम करने में मददगार साबित होगा। साथ ही द्वारका एक्सप्रेसवे का नया हिस्सा शुरू होने से गुड़गांव और द्वारका के बीच यात्रा का समय भी काफी घटेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि इन दोनों परियोजनाओं से दिल्ली और आसपास के इलाकों में लॉजिस्टिक्स सेक्टर को गति मिलेगी और समय की बचत होगी। इसके अलावा प्रदूषण के स्तर में कमी आएगी, जिससे राजधानी को ‘ग्रीन और क्लीन’ बनाने का सपना और साकार होगा।