नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और एनसीआर में सोमवार को घने कोहरे ने जनजीवन के साथ-साथ हवाई यातायात को भी बुरी तरह प्रभावित किया। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर सुबह से शाम तक उड़ानों का संचालन चरमरा गया। खराब दृश्यता के चलते 220 से अधिक उड़ानें विलंबित रहीं, जबकि 40 से ज्यादा उड़ानों को रद्द करना पड़ा।
सोमवार तड़के हालात सबसे ज्यादा खराब रहे। सुबह 4 बजे से 9 बजे के बीच रनवे पर दृश्यता शून्य से 50 मीटर के बीच दर्ज की गई, जिससे लैंडिंग और टेकऑफ लगभग ठप हो गया। इस दौरान 10 विमानों को जयपुर, अहमदाबाद और लखनऊ की ओर डायवर्ट करना पड़ा।
दोपहर 12 बजे के बाद धूप निकलने से दृश्यता में कुछ सुधार हुआ और यह 500 से 800 मीटर तक पहुंची। इसके बाद उड़ानों के संचालन में धीरे-धीरे तेजी आई, लेकिन सुबह बने भारी बैकलॉग के कारण रनवे पर विमानों की लंबी कतार लग गई। कई विमानों को प्रस्थान के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
स्थिति को देखते हुए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने यात्रियों के लिए नई एडवाइजरी जारी की। एएआई ने कहा कि उत्तर भारत के कई हवाई अड्डों पर घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम है, जिससे उड़ान संचालन प्रभावित हो रहा है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से उड़ान की ताजा स्थिति की जानकारी जरूर लें।
उधर, विमानन कंपनियों का कहना है कि खराब मौसम के साथ-साथ नए एफडीटीएल (फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन) नियमों के कारण भी उड़ानों के रद्द होने की संख्या बढ़ी है। अधिकारियों के अनुसार, मौसम सामान्य होने पर ही हालात पूरी तरह सुधर पाएंगे।