एनडीआईएस में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा: हर साल 5 अरब डॉलर तक का नुकसान

एनडीआईएस में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा: हर साल 5 अरब डॉलर तक का नुकसान

कैनबरा। ऑस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय विकलांगता बीमा योजना (NDIS) में बड़े स्तर पर फर्जी दावों का खुलासा हुआ है। एनडीआईएस के धोखाधड़ी निरोधक प्रमुख जॉन डार्डो ने बताया है कि योजना के तहत किए जा रहे कुल दावों में से लगभग 10 प्रतिशत दावे या तो अनुचित हैं या आपराधिक प्रकृति के हैं। इससे ऑस्ट्रेलियाई करदाताओं को हर वर्ष करीब 5 अरब डॉलर तक का नुकसान हो रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, कुछ सेवा प्रदाता और बिचौलिए योजनाओं का दुरुपयोग कर रहे हैं। वे फर्जी बिल, बढ़ा-चढ़ाकर पेश किए गए खर्च और बिना सेवा दिए भुगतान लेने जैसे तरीकों से सरकारी धन हड़प रहे हैं। यह धन विकलांग लोगों की सहायता और आवश्यक सेवाओं के लिए निर्धारित होता है।

जॉन डार्डो ने कहा कि सरकार ने धोखाधड़ी पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी तंत्र को मजबूत किया है और संदिग्ध दावों की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें भारी जुर्माना और जेल की सजा भी शामिल हो सकती है।

सरकार का कहना है कि एनडीआईएस ऑस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी सामाजिक कल्याण योजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य विकलांग नागरिकों को आवश्यक समर्थन और सेवाएं उपलब्ध कराना है। ऐसे में इस योजना में हो रहा फर्जीवाड़ा न केवल सरकारी खजाने पर बोझ है, बल्कि जरूरतमंद लोगों के अधिकारों पर भी सीधा हमला है।

वित्त विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते इस समस्या पर काबू नहीं पाया गया तो योजना की दीर्घकालिक स्थिरता पर गंभीर असर पड़ सकता है। सरकार ने आम जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित अधिकारियों को दें।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि वह एनडीआईएस की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाएगी, ताकि वास्तविक लाभार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।