ऑस्ट्रेलिया की विपक्षी नेता Sussan Ley ने कहा है कि पूर्व संघीय कोषाध्यक्ष Josh Frydenberg अगर संसद में वापसी करते हैं तो उनका स्वागत किया जाएगा और वे संसद के लिए एक “बेहद उपयोगी योगदान” साबित होंगे।
जोश फ्राइडनबर्ग 2022 में मेलबर्न की कोयॉन्ग सीट हारने के बाद संसद से बाहर हो गए थे। यह सीट लंबे समय तक लिबरल पार्टी का गढ़ मानी जाती थी, लेकिन वे निर्दलीय उम्मीदवार Monique Ryan से हार गए थे।
सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब सुसैन ले से पूछा गया कि क्या फ्राइडनबर्ग की संसद में वापसी पार्टी के लिए फायदेमंद होगी, तो उन्होंने सहमति जताई।
उन्होंने कहा कि बॉन्डी में हुए आतंकी हमले के बाद फ्राइडनबर्ग ने जिस तरह नेतृत्व दिखाया और सामाजिक मुद्दों पर आवाज़ उठाई, वह काबिले-तारीफ है।
“वे संसद के लिए एक बड़ी क्षति थे और अगर वे लौटते हैं तो यह संसद के लिए बहुत अच्छा होगा,” ले ने कहा।
सुसैन ले ने यह भी कहा कि उन्हें इस बात का दुख है कि कोयॉन्ग क्षेत्र में फिलहाल कोई लिबरल सांसद नहीं है और पार्टी वहां अपनी स्थिति दोबारा मजबूत करने के लिए काम करेगी।
कोयॉन्ग सीट पर डॉ. मोनिक रायन ने 2025 के संघीय चुनाव में लिबरल उम्मीदवार अमेलिया हैमर को हराकर अपनी जीत बरकरार रखी थी।
हाल के महीनों में जोश फ्राइडनबर्ग ऑस्ट्रेलिया में यहूदी-विरोधी घटनाओं के खिलाफ सख्त कानूनों की वकालत करते रहे हैं और उन्होंने विक्टोरिया की मुख्यमंत्री Jacinta Allan के नेतृत्व वाली सरकार पर इस मुद्दे पर निष्क्रिय रहने का आरोप भी लगाया है।
फिलहाल फ्राइडनबर्ग ने आधिकारिक रूप से राजनीति में वापसी की घोषणा नहीं की है, लेकिन कोयॉन्ग सीट से दोबारा चुनाव लड़ने की अटकलें तेज़ होती जा रही हैं।