हॉलीवुड अभिनेत्री गैल गैडट ने हाल ही में खुलासा किया कि डिज़्नी की बहुचर्चित लाइव-एक्शन फिल्म स्नो व्हाइट बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन क्यों नहीं कर पाई। उनका यह बयान अब विवाद का कारण बन गया है।
इज़राइल की पूर्व सैनिक और मशहूर अभिनेत्री गैल गैडट ने इज़राइली टीवी कार्यक्रम The A Talks में बातचीत के दौरान कहा कि हॉलीवुड और अन्य इंडस्ट्रीज़ में सितारों पर इज़राइल के खिलाफ बोलने का दबाव बनाया जाता है। गैडट के अनुसार, इसी वजह से स्नो व्हाइट की रिलीज़ प्रभावित हुई और फिल्म बुरी तरह फ्लॉप हो गई।
उन्होंने कहा—
“मैं सोच रही थी कि यह फिल्म ज़बरदस्त हिट होगी। लेकिन अक्टूबर 7 के हमलों के बाद जो माहौल बना, उसने सब बदल दिया। हॉलीवुड में कई सितारों पर इज़राइल के खिलाफ बोलने का दबाव डाला गया। मैंने हमेशा स्थिति को समझाने की कोशिश की, लेकिन आखिरकार लोगों ने अपने फैसले खुद लिए। मुझे निराशा है कि फिल्म पर इसका इतना असर पड़ा और यह सफल नहीं हो पाई।”
मार्च 2025 में रिलीज़ हुई डिज़्नी की स्नो व्हाइट पर करीब 270 मिलियन डॉलर का बजट खर्च हुआ था। इसके बावजूद फिल्म केवल 205.7 मिलियन डॉलर ही कमा सकी। शुरुआती हफ्तों में फिल्म अपनी 100 मिलियन डॉलर की उम्मीद को भी छू नहीं पाई।
गैल गैडट (40) ने फिल्म में “ईविल क्वीन” की भूमिका निभाई थी, जबकि स्नो व्हाइट का किरदार 24 वर्षीय रेचेल ज़ेग्लर ने निभाया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों अभिनेत्रियों के बीच सेट पर खास तालमेल नहीं था। बताया गया कि उम्र का अंतर और राजनीतिक विचारधाराओं में असहमति इसकी मुख्य वजह रही।
रेचेल ज़ेग्लर ने फिलिस्तीन का खुलकर समर्थन किया है, वहीं गैडट लंबे समय से इज़राइल की मुखर समर्थक रही हैं। इसी टकराव ने विवाद को और बढ़ा दिया।
फिल्म की नाकामी से निराश होकर डिज़्नी ने अपनी आने वाली लाइव-एक्शन परियोजना Tangled पर फिलहाल रोक लगा दी है।