लंदन | 24 जुलाई 2025
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय ब्रिटेन दौरे पर आज ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीयर स्टार्मर से बकिंघमशायर में मिले, जहां दोनों नेताओं के बीच गहन बातचीत के बाद भारत-ब्रिटेन फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर ऐतिहासिक सहमति बनी। यह समझौता दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को एक नई ऊंचाई पर ले जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी और कीयर स्टार्मर की यह पहली मुलाकात थी, जो न केवल गर्मजोशी से भरी रही, बल्कि दोनों देशों के साझा हितों पर भी गंभीर चर्चा हुई। दोनों प्रधानमंत्रियों ने विश्वास जताया कि यह फ्री ट्रेड डील न केवल व्यापार को गति देगी, बल्कि निवेश, स्टार्टअप, टेक्नोलॉजी और शिक्षा के क्षेत्रों में भी द्विपक्षीय सहयोग को सशक्त बनाएगी।
मोदी ने इस अवसर पर कहा, "भारत और ब्रिटेन के ऐतिहासिक रिश्तों को आज एक नई दिशा मिली है। यह समझौता युवाओं, व्यापारियों और निवेशकों के लिए असीम संभावनाएं लेकर आएगा।"
फ्री ट्रेड डील के अंतर्गत अब भारत और ब्रिटेन के बीच कई उत्पादों पर कस्टम ड्यूटी में कटौती होगी, जिससे व्यापार और अधिक सहज और लाभकारी होगा। साथ ही, दोनों देशों के बीच सर्विस सेक्टर में भी बड़ा सहयोग देखने को मिलेगा।
इस ऐतिहासिक समझौते के बाद दोनों देशों ने जलवायु परिवर्तन, रक्षा सहयोग, साइबर सुरक्षा और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला जैसे अहम मुद्दों पर भी संयुक्त बयान जारी किया।
‘हिन्दी गौरव’ के विशेष विश्लेषण में यह स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री मोदी का यह ब्रिटेन दौरा सिर्फ कूटनीतिक शिष्टाचार नहीं, बल्कि भारत के वैश्विक प्रभाव को और मज़बूत करने की दिशा में एक ठोस कदम है।