नई दिल्ली। भारत सरकार ने नरेश सिंह को ऑस्ट्रेलिया में भारत का अगला उच्चायुक्त नियुक्त किया है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने सोमवार को यह जानकारी दी। वर्तमान में नरेश सिंह थाईलैंड में भारत के राजदूत के रूप में कार्यरत हैं। वे ऑस्ट्रेलिया में मौजूदा उच्चायुक्त गोपाल बागले का स्थान लेंगे और शीघ्र ही अपना कार्यभार संभालने की उम्मीद है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, नरेश सिंह (आईएफएस: 1995 बैच) एक अनुभवी राजनयिक हैं। इससे पहले वे अमेरिका के अटलांटा में भारत के काउंसल जनरल के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से स्नातकोत्तर की पढ़ाई की है।
उनकी यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शिक्षा, शोध और कौशल विकास के क्षेत्र में सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित तीसरी ऑस्ट्रेलिया-भारत शिक्षा एवं कौशल परिषद (AIESC) की बैठक में दोनों देशों ने शिक्षा और अनुसंधान साझेदारी को और विस्तार देने पर सहमति जताई थी।
एसपीएआरसी (SPARC) पहल के तहत भारत ने ऑस्ट्रेलिया की प्रमुख विश्वविद्यालयों के साथ 10 नए संयुक्त शोध परियोजनाओं के लिए 9.84 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। ये परियोजनाएं कृत्रिम बुद्धिमत्ता, उन्नत कंप्यूटिंग, ऊर्जा परिवर्तन, मेडटेक, जलवायु अध्ययन, स्मार्ट मोबिलिटी और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में होंगी। अब तक इस कार्यक्रम के अंतर्गत 129 भारत-ऑस्ट्रेलिया संयुक्त शोध परियोजनाओं को समर्थन दिया जा चुका है।
विशेषज्ञों का मानना है कि नरेश सिंह की नियुक्ति से भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को नई मजबूती मिलेगी, खासकर शिक्षा, शोध और रणनीतिक सहयोग के क्षेत्रों में।