श्रीनगर।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने नागरिक उड़ानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र दोबारा खोल दिया है। इसके साथ ही वहां फंसे भारतीय छात्रों की सुरक्षित वापसी की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन के अनुसार तेहरान से दिल्ली के लिए पहली निकासी उड़ान शुक्रवार को रवाना होगी।
एसोसिएशन ने बताया कि भारतीय दूतावास द्वारा सभी छात्रों का पंजीकरण पूरा कर लिया गया है। छात्रों के व्यक्तिगत विवरण और पासपोर्ट एकत्र किए जा चुके हैं। पहले चरण में शामिल छात्रों को सुबह आठ बजे तक तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पहले बैच में गोलीस्तान विश्वविद्यालय के छात्र शामिल होंगे। इसके अलावा शहीद बेहेश्ती यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज (SBUMS) और तेहरान यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज (TUMS) के कुछ छात्रों को भी इस उड़ान से लाए जाने की संभावना है।
अधिकारियों का कहना है कि अंतिम यात्री सूची की पुष्टि के बाद उसे गुरुवार देर रात जारी किया जाएगा। जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने उम्मीद जताई है कि शेष छात्रों की निकासी भी चरणबद्ध तरीके से सुरक्षित और सुचारु रूप से पूरी की जाएगी।0