मुंबई, 12 अगस्त: बॉलीवुड के चर्चित अभिनेता के. के. मेनन ने कांग्रेस पार्टी के हालिया ‘वोट चोरी’ सोशल मीडिया अभियान से अपना संबंध पूरी तरह नकार दिया है। मेनन ने साफ़ कहा है कि पार्टी ने उनके एक पुराने वीडियो क्लिप को बिना अनुमति और बिना जानकारी के इस्तेमाल किया है।
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें मेनन का संवाद इस्तेमाल करते हुए ‘वोट चोरी’ संदेश को प्रमोट किया गया। इस पर नाराज़गी जताते हुए अभिनेता ने बयान जारी किया –
"यह वीडियो एडिट कर इस तरह पेश किया गया है मानो मैं किसी राजनीतिक प्रचार में शामिल हूं। न मैंने इस संदेश को समर्थन दिया है, न ही इस तरह के उपयोग के लिए अनुमति दी है।"
मेनन ने यह भी कहा कि एक कलाकार की अभिव्यक्ति को उसकी मूल पृष्ठभूमि से हटाकर राजनीतिक संदेश में बदलना भ्रामक और अनुचित है।
इस विवाद पर अब तक कांग्रेस पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, राजनीतिक हलकों में इस घटना ने सोशल मीडिया सामग्री के दुरुपयोग और कलाकारों की अनुमति के मुद्दे पर बहस छेड़ दी है।