मुंबई।
महाराष्ट्र की राजनीति के लिए ‘मिनी विधानसभा’ माने जाने वाले नगर निगम चुनावों में गुरुवार को हुए मतदान के बाद शुक्रवार को मतगणना जारी है। शुरुआती रुझानों में सत्तारूढ़ महायुति ने विपक्षी महाविकास अघाड़ी (MVA) पर स्पष्ट बढ़त बना ली है। देश के सबसे अमीर नगर निकाय, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) में भारतीय जनता पार्टी बहुमत के आंकड़े को पार करती नजर आ रही है।
राज्य की 29 महानगरपालिकाओं के कुल 2869 वार्डों में से अब तक 1486 वार्डों के रुझान सामने आ चुके हैं। इनमें बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।
बीजेपी: 737
शिवसेना (शिंदे गुट): 190
कांग्रेस: 175
शिवसेना (ठाकरे गुट): 98
एनसीपी (अजित पवार): 91
एनसीपी (शरद पवार): 10
AIMIM: 32
मनसे: 8
बीएमसी के नतीजे सबसे ज्यादा अहम माने जा रहे हैं। दो दशक से अधिक समय तक शिवसेना का गढ़ रही बीएमसी में यह पहला मौका है जब पार्टी विभाजन के बाद उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे गुट आमने-सामने हैं। शुरुआती रुझानों से संकेत मिल रहे हैं कि शहरी मतदाताओं ने इस बार विकास और स्थिरता के मुद्दे पर सत्तारूढ़ गठबंधन को तरजीह दी है।
पुणे, नागपुर, ठाणे, नासिक और छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) जैसे प्रमुख नगर निगमों में भी बीजेपी और उसके सहयोगी दलों की मजबूत स्थिति बनी हुई है। इन शहरों के नतीजे राज्य की शहरी राजनीति की दिशा तय करने में निर्णायक माने जा रहे हैं।
इन चुनावों को 2029 के विधानसभा चुनाव से पहले एक बड़े सेमीफाइनल के तौर पर देखा जा रहा है। महायुति के लिए यह नतीजे सरकार के कामकाज पर जनता की मुहर माने जा रहे हैं, वहीं महाविकास अघाड़ी के लिए यह आत्ममंथन का समय साबित हो सकता है।
मतगणना देर शाम तक पूरी होने की संभावना है, जिसके बाद तस्वीर और भी स्पष्ट हो जाएगी।