महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का अंतिम संस्कार आज, बारामती में उमड़ा जनसैलाब

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का अंतिम संस्कार आज, बारामती में उमड़ा जनसैलाब

बारामती।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता अजित पवार का बुधवार सुबह एक विमान हादसे में निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। महाराष्ट्र सरकार ने इस दुखद घटना पर तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।

अजित पवार का अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह 11 बजे बारामती स्थित विद्या प्रतिष्ठान मैदान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए सुबह से ही हजारों समर्थक, पार्टी कार्यकर्ता और आम नागरिक बारामती पहुंच रहे हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

विमान हादसे में जान गंवाने वाले पायलट कैप्टन सुमित कपूर और कैप्टन शांभवी पाठक का पोस्टमार्टम बारामती के पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर सरकारी मेडिकल कॉलेज में किया गया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिए गए।

इस बीच, हादसे को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। शिवसेना नेता शाइना एनसी ने विपक्ष पर संवेदनहीन बयानबाज़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे दुखद समय में सस्ती राजनीति से ऊपर उठने की ज़रूरत है। उन्होंने कहा कि अजित पवार छह बार महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री रहे और यह उनकी प्रशासनिक क्षमता और जनस्वीकृति को दर्शाता है।

शाइना एनसी ने अजित पवार को एक जमीनी नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने न केवल बारामती बल्कि पूरे महाराष्ट्र में एक सक्षम प्रशासक और आधुनिक सोच वाले नेता के रूप में अपनी पहचान बनाई। साथ ही उन्होंने नेताओं की हवाई यात्रा सुरक्षा को लेकर भी गंभीरता से समीक्षा किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

अजित पवार के निधन से महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ा शून्य पैदा हो गया है, जिसकी भरपाई आसान नहीं होगी।