मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साफ किया है कि लाडकी बहिन योजना का गलत लाभ उठाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत अब तक 26 लाख से अधिक लाभार्थियों की जांच शुरू हो चुकी है और गड़बड़ी सामने आने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
इस योजना के तहत एक परिवार की अधिकतम दो महिलाओं को ही लाभ मिल सकता है और उनकी उम्र 21 से 65 वर्ष के बीच होना अनिवार्य है। सरकार हर पात्र महिला को प्रति माह 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता देती है। मगर जांच में सामने आया है कि कई परिवारों में दो से अधिक महिलाओं को लाभ दिया गया है। वहीं कुछ ऐसी महिलाएं भी सामने आई हैं जिनकी उम्र तय सीमा से बाहर है, लेकिन वे भी योजना की राशि प्राप्त कर रही हैं।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि किसी भी अवैध दावे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राज्य सरकार ने एक बड़े स्तर पर जांच अभियान शुरू किया है। यदि कोई लाभार्थी गलत जानकारी देकर पैसा लेता पाया गया, तो उसका खाता तुरंत बंद कर दिया जाएगा और उससे वसूली भी की जा सकती है।
फडणवीस ने स्पष्ट किया कि इस योजना का उद्देश्य केवल गरीब और जरूरतमंद महिलाओं तक सहायता पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि योजना को भ्रष्टाचार से बचाने के लिए सख्ती जरूरी है और सरकार की पूरी कोशिश है कि आर्थिक मदद सही हाथों तक पहुंचे।
पत्रकारों से बातचीत में फडणवीस ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनावी हार का ठीकरा वोट चोरी पर फोड़ना सिर्फ बहाना है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, "दिल बहलाने के लिए ख्याल अच्छा है"। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा-शिवसेना-एनसीपी का महायुति गठबंधन अटूट है और आगामी चुनाव में जीत दर्ज करेगा।