ऑस्ट्रेलिया में लगातार दूसरे लोकप्रिय ब्यूटी प्रोडक्ट को बाजार से हटाना पड़ा है। इस बार Naked Sundays SPF50+ Collagen Glow Mineral Sunscreen को बिक्री से रोक दिया गया है।
कंपनी ने बताया कि यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है। स्वतंत्र लैब टेस्ट और Therapeutic Goods Administration (TGA) की जांच जारी है, ताकि यह पता चल सके कि उत्पाद वाकई अपने विज्ञापित SPF 50+ स्तर को पूरा करता है या नहीं।
ब्यूटी रिटेलर Mecca ने भी Naked Sundays के साथ मिलकर यह फैसला किया है। कंपनी ने कहा, “भले ही आधिकारिक रिकॉल की ज़रूरत नहीं है, लेकिन ग्राहकों की सुरक्षा को देखते हुए हमने इसे स्टोर और वेबसाइट से हटा दिया है।”
Mecca ने स्पष्ट किया है कि Naked Sundays के बाकी प्रोडक्ट्स प्रभावित नहीं हैं। फिलहाल केवल SPF50+ Collagen Glow 100% Mineral Perfecting Priming Lotion की बिक्री रोकी गई है।
इससे पहले Ultra Violette ने भी अपना लोकप्रिय Lean Screen SPF50+ बाजार से वापस ले लिया था। परीक्षणों में पाया गया कि उस प्रोडक्ट का SPF स्तर बेहद अस्थिर है—कभी 4 तो कभी 64 तक।
TGA ने चेतावनी दी थी कि इसका इस्तेमाल करने वालों को धूप से झुलसने और लंबे समय में स्किन कैंसर का खतरा बढ़ सकता है।
कंज्यूमर ग्रुप CHOICE ने भी अपनी जांच में पाया कि Ultra Violette का Lean Screen SPF50+ बुरी तरह फेल हुआ। दोबारा जर्मनी की लैब में टेस्ट कराने पर भी SPF सिर्फ 5 निकला।
Ultra Violette ने माफी मांगते हुए कहा कि उन्होंने आठ अलग-अलग टेस्ट कराए, जिनमें SPF के नतीजे बेहद असंगत थे (4 से 64 तक)। कंपनी ने कहा, “यह नतीजे हमारे लिए और ग्राहकों के लिए स्वीकार्य नहीं हैं, इसलिए हमने तुरंत इसे बाजार से हटा दिया।”
Naked Sundays ने भी भरोसा दिलाया है कि वह ग्राहकों को अपडेट करती रहेगी और केवल स्वतंत्र लैब रिजल्ट आने के बाद ही प्रोडक्ट को वापस बिक्री पर लाएगी।