क्रिकेट जगत में शोक की लहर, न्यूजीलैंड के पूर्व विकेटकीपर ट्रेवर मैकमाहोन का निधन

क्रिकेट जगत में शोक की लहर, न्यूजीलैंड के पूर्व विकेटकीपर ट्रेवर मैकमाहोन का निधन

क्रिकेट जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। न्यूजीलैंड के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर और विकेटकीपर बल्लेबाज ट्रेवर जॉर्ज मैकमाहोन का 96 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे न्यूजीलैंड के सबसे उम्रदराज जीवित क्रिकेटरों में शामिल थे। उनके निधन की जानकारी न्यूजीलैंड क्रिकेट और वेलिंग्टन क्रिकेट एसोसिएशन ने दी, जिसके बाद क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

ट्रेवर मैकमाहोन का जन्म 8 नवंबर 1929 को वेलिंग्टन में हुआ था। उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए 1955-56 में पाकिस्तान और भारत के दौरे के दौरान टेस्ट टीम में जगह बनाई। उन्होंने अपना टेस्ट डेब्यू पाकिस्तान के खिलाफ कराची में खेला था। उस दौरे पर कुल आठ टेस्ट मैच खेले गए थे, जिनमें मैकमाहोन को चार मैचों में खेलने का मौका मिला।

मैकमाहोन का अंतरराष्ट्रीय करियर लंबा नहीं रहा, लेकिन उन्होंने अपनी विकेटकीपिंग से टीम में अहम योगदान दिया। उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए कुल पांच टेस्ट मैच खेले। इन मुकाबलों में बल्लेबाजी करते हुए वे अधिक सफल नहीं रहे और केवल 7 रन ही बना सके। उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 4 रन रहा।

टेस्ट क्रिकेट के अलावा उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में भी हिस्सा लिया। मैकमाहोन ने 37 फर्स्ट क्लास मैच खेले, जिनमें 449 रन बनाए। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 42 रन रहा।

1956 में ड्यूनेडिन के कैरिसब्रुक मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला गया मुकाबला उनके टेस्ट करियर का अंतिम मैच साबित हुआ। हालांकि उन्हें भारत के खिलाफ खेलने का अवसर नहीं मिल पाया।

न्यूजीलैंड क्रिकेट और वेलिंग्टन क्रिकेट एसोसिएशन ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मैकमाहोन ने न्यूजीलैंड क्रिकेट में महत्वपूर्ण योगदान दिया और उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।