केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर में एक कार्यक्रम के दौरान सरकार और सरकारी तंत्र पर तीखा तंज कसते हुए बड़ा बयान दिया। अपनी स्पष्टवादिता के लिए मशहूर गडकरी ने मंच से कहा कि "सरकार बहुत निकम्मी होती है। कॉरपोरेशन और NIT जैसे संस्थानों के भरोसे कोई काम समय पर नहीं होता।"
गडकरी ने कहा कि उनकी खासी इच्छा थी कि नागपुर में खिलाड़ियों के लिए 300 स्टेडियम बनाए जाएं, लेकिन चार वर्षों के अनुभव के बाद उन्हें यह समझ में आया कि सरकारी व्यवस्था में कोई काम सुचारु रूप से नहीं चलता। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “सरकार नाम की चीज बहुत निकम्मी होती है।"
गडकरी ने अपने चिर-परिचित बेबाक अंदाज में आगे कहा, “इन लोगों को चलती गाड़ी को पंक्चर करने में एक्सपर्टाइज है। फोकट का कभी किसी को सिखाना नहीं चाहिए। मैं तो राजनीति में हूं और यहां फुकटों का बाजार लगा है। हर चीज मुफ्त में चाहिए।”
कार्यक्रम के इस बयान का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोगों के बीच इस बयान को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कुछ लोग इसे गडकरी की ईमानदार अभिव्यक्ति मान रहे हैं, तो कुछ इसे सरकार के प्रति असंतोष की अभिव्यक्ति बता रहे हैं।