नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भारतीय जनता पार्टी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी हो गई है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन निर्विरोध भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए हैं। उनके मुकाबले किसी अन्य नेता ने नामांकन दाखिल नहीं किया। औपचारिक घोषणा मंगलवार को की जाएगी।
भाजपा द्वारा जारी बयान के अनुसार, संगठन पर्व के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की संवैधानिक और पारदर्शी प्रक्रिया संपन्न हुई। 36 में से 30 राज्यों में संगठनात्मक चुनाव पूरे होने के बाद तय प्रक्रिया के अनुसार नामांकन, जांच और वापसी की प्रक्रिया पूरी की गई। जांच के बाद सभी नामांकन पत्र वैध पाए गए और वापसी की समयसीमा समाप्त होने पर केवल नितिन नबीन का नाम शेष रहा।
नितिन नबीन के नामांकन का समर्थन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने किया। नामांकन के समय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, धर्मेंद्र प्रधान, भूपेंद्र यादव और किरेन रिजिजू भी मौजूद रहे।
इसके अलावा विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं ने भी नबीन के समर्थन में नामांकन पत्र दाखिल किए। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, शीर्ष नेतृत्व का भरोसा मिलने के चलते उनका निर्विरोध चुना जाना पहले से तय माना जा रहा था।
45 वर्षीय नितिन नबीन दिसंबर 2025 में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए गए थे। बिहार के बांकीपुर से पांच बार विधायक रह चुके नबीन को संगठन में एक मजबूत रणनीतिकार और जमीनी नेता के रूप में जाना जाता है। अब वे भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में पार्टी की कमान संभालेंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन मंगलवार सुबह 11:30 बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की शपथ लेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री-उपमुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।