कीव।
यूक्रेन की मशहूर लंबी कूद और ट्रिपल जंप एथलीट मरिना बेख-रोमानचुक पर डोपिंग नियमों के उल्लंघन के चलते चार साल का प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस बैन के बाद अब वह खेलों से दूर होकर मॉडलिंग और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के तौर पर अपना करियर आगे बढ़ाने जा रही हैं।
30 वर्षीय तीन बार की ओलंपियन मरिना दिसंबर 2024 में लिए गए सैंपल में टेस्टोस्टेरोन मेटाबोलाइट्स पॉजिटिव पाई गईं। एथलेटिक्स इंटीग्रिटी यूनिट (AIU) ने उन्हें 10 अगस्त तक अपनी गलती स्वीकार करने का मौका दिया था, जिससे बैन एक साल कम हो सकता था, लेकिन उन्होंने आरोपों को नकार दिया।
मरिना का कहना है कि उनके शरीर में यह स्तर चिकित्सकीय कारणों और इलाज की वजह से आया है। उन्होंने एआईयू के फैसले को चुनौती देने के संकेत दिए हैं और कहा कि वह स्पोर्ट्स आर्बिट्रेशन कोर्ट (CAS) में अपील कर सकती हैं।
यह बैन मई 2029 तक लागू रहेगा, यानी मरिना दो वर्ल्ड चैंपियनशिप और लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 से बाहर हो जाएंगी। इस फैसले से उनका एथलेटिक करियर लगभग खत्म माना जा रहा है।
बैन के बाद मरिना ने इंस्टाग्राम पर लिखा –
“मैंने अपनी पूरी जिंदगी ईमानदार खेल को समर्पित की है। कभी भी किसी मुकाबले में मेरी साख पर सवाल नहीं उठा। लेकिन अब मैं दो मोर्चों पर लड़ाई जारी नहीं रख सकती। यह मानसिक और शारीरिक रूप से बेहद थकाऊ हो गया है।”
उन्होंने कहा कि वह अपनी फैमिली और स्वास्थ्य पर ध्यान देना चाहती हैं और जल्द ही एक बड़ा इंटरव्यू देकर सच्चाई सबके सामने रखेंगी।
मरिना के पास खेलों के अलावा मॉडलिंग और इन्फ्लुएंसर के रूप में करियर का विकल्प है। उनके इंस्टाग्राम पर 4.9 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं और वह कई यूक्रेनी ब्रांड्स जैसे Domino Group, Trihard और Fabric 17 के साथ काम कर चुकी हैं।