प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय मलेशिया दौरे पर रवाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय मलेशिया दौरे पर रवाना

नई दिल्ली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर मलेशिया के लिए रवाना हो गए। यह दौरा भारत-मलेशिया संबंधों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि दोनों देशों को ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ का दर्जा मिलने के बाद यह प्रधानमंत्री मोदी की पहली मलेशिया यात्रा है।

रवाना होने से पहले जारी बयान में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और मलेशिया के ऐतिहासिक संबंधों में बीते वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच रक्षा और सुरक्षा सहयोग को मजबूत करना, साथ ही आर्थिक और नवाचार आधारित साझेदारी को नई दिशा देना है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मैं मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ सार्थक बातचीत को लेकर उत्सुक हूं। हमारा प्रयास रहेगा कि व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और अधिक सशक्त बनाया जाए तथा सहयोग के नए क्षेत्रों की पहचान की जाए।”

सूत्रों के अनुसार, इस दौरे के दौरान रक्षा क्षेत्र में कई अहम समझौतों पर सहमति बन सकती है। भारत मलेशिया को डोर्नियर विमान की आपूर्ति, साथ ही वहां की स्कॉर्पीन पनडुब्बियों और सुखोई-30 लड़ाकू विमानों के रखरखाव और तकनीकी सहयोग में सहायता देने पर विचार कर रहा है।

उल्लेखनीय है कि अगस्त 2024 में मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के भारत दौरे के दौरान दोनों देशों के संबंधों को ‘कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ का दर्जा दिया गया था। उस ऐतिहासिक निर्णय के बाद प्रधानमंत्री मोदी की यह पहली मलेशिया यात्रा है।

यह प्रधानमंत्री मोदी का तीसरा मलेशिया दौरा है और इससे भारत-दक्षिण-पूर्व एशिया संबंधों को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।0