नई दिल्ली, 4 अगस्त 2025:
झारखंड की राजनीति के पितामह और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संरक्षक शिबू सोरेन के निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली के गंगाराम अस्पताल पहुंचे और दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री मोदी ने शोकाकुल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का हाथ थामकर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उनका चेहरा भी भावुकता से भरा नजर आया। प्रधानमंत्री ने स्व. शिबू सोरेन के परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएं प्रकट कीं और इस अपूरणीय क्षति पर गहरा दुख व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "शिबू सोरेन जी का जीवन जनसेवा, आदिवासी अधिकारों की लड़ाई और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित रहा। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।"
शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर कल रांची ले जाया जाएगा, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। राज्य सरकार ने उनके सम्मान में दो दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।
झारखंड ही नहीं, देशभर के राजनीतिक दलों और नेताओं ने शिबू सोरेन के निधन पर शोक जताया है। झामुमो कार्यकर्ताओं के बीच 'गुरुजी' के नाम से लोकप्रिय शिबू सोरेन का जीवन आदिवासी समाज के लिए एक प्रेरणा रहा है।