प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वाराणसी दौरा: किसानों को सौगात, 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वाराणसी दौरा: किसानों को सौगात, 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने 51वें दौरे पर काशी पहुंचेंगे। उनका यह संक्षिप्त लेकिन बेहद महत्वपूर्ण दौरा करीब तीन घंटे का होगा, जिसमें वह किसानों, दिव्यांगजनों और आम जनता को कई बड़ी योजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान वाराणसी के विभिन्न इलाकों में रूट डायवर्जन भी लागू रहेगा।

प्रधानमंत्री सुबह 10:25 बजे विशेष विमान से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से सीधे सेवापुरी के गांव बनौली जाएंगे, जहां वह एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले वे दिव्यांगजनों को विभिन्न सहायक उपकरण वितरित करेंगे।

इस ऐतिहासिक दौरे में प्रधानमंत्री कुल 2183.45 करोड़ रुपये की लागत की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।


प्रमुख घोषणाएं और कार्यक्रम

🔹 पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त का वितरण:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के 9.70 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 20,500 करोड़ रुपये ट्रांसफर करेंगे। इसमें वाराणसी के 2.21 लाख किसान लाभार्थी होंगे।

🔹 दिव्यांगजनों को उपकरण वितरण:
प्रधानमंत्री वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों से आए दिव्यांगजनों को लो विजन उपकरण, स्पोर्ट्स व्हीलचेयर, फोल्डिंग व्हीलचेयर, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, और कान की मशीनें वितरित करेंगे।


लोकार्पण की 14 प्रमुख परियोजनाएं (565.35 करोड़ रुपये):

  • वाराणसी-भदोही मार्ग का 35 किमी लंबा चार लेन चौड़ीकरण (269.10 करोड़ रुपये)

  • पीएसी रामनगर में बहुउद्देशीय हॉल (2.54 करोड़ रुपये)

  • एनिमल बर्थ कंट्रोल और डॉग केयर सेंटर का निर्माण (1.85 करोड़ रुपये)

  • कैंसर अस्पतालों में आधुनिक मशीनों की स्थापना (73.30 करोड़ रुपये)

  • दुर्गाकुंड का जीर्णोद्धार और जल शोधन कार्य (3.40 करोड़ रुपये)


शिलान्यास की 38 परियोजनाएं (1618.10 करोड़ रुपये):

  • राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का निर्माण (85.72 करोड़ रुपये)

  • गंगा के 24 घाटों का जीर्णोद्धार एवं साइनेज कार्य (4.66 करोड़ रुपये)

  • नक्सल क्यूआरटी बैरक का निर्माण (1.54 करोड़ रुपये)

  • संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आवासीय भवनों का नवीनीकरण (8.23 करोड़ रुपये)

  • मुंशी प्रेमचंद के पैतृक घर का संग्रहालय के रूप में विकास (11.82 करोड़ रुपये)

  • दालमंडी मार्ग चौड़ीकरण (215.88 करोड़ रुपये)

  • स्वर्वेद महामंदिर तक नई सड़क का निर्माण (11.46 करोड़ रुपये)


उच्चस्तरीय तैयारियां और स्वागत

प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर वाराणसी प्रशासन और भाजपा संगठन ने व्यापक तैयारियां की हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार रात स्वयं वाराणसी पहुंचे और तैयारियों की समीक्षा की।
प्रधानमंत्री का राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बबतपुर एयरपोर्ट पर स्वागत करेंगे।


समापन और प्रस्थान

प्रधानमंत्री मोदी दोपहर 1:25 बजे विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।