न्यू साउथ वेल्स: सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक पुलिस अधिकारी को एक महिला को ज़मीन पर धक्का देते हुए देखा गया है। यह घटना 22 जुलाई को दोपहर करीब 2:50 बजे न्यू साउथ वेल्स के बुंगेंडोर इलाके में स्थित एक स्कूल के बाहर घटी, जो कि कैनबरा से लगभग 40 किलोमीटर दूर है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला उस समय शुरू हुआ जब एक महिला की कार पर पत्थर फेंका गया और उसका शीशा टूट गया। उस दौरान पुलिस स्कूल के अंदर एक अन्य धमकी की शिकायत की जांच कर रही थी।
बताया गया है कि एक 15 वर्षीय लड़का, जिसने कार पर पत्थर फेंका, महिला को फिर धमकाने लगा। इस दौरान उसके साथ एक 32 वर्षीय महिला भी मौजूद थी, जो पीड़ित महिला का पीछा करने लगी। मामले को बिगड़ते देख गवाहों और मौके पर मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने हस्तक्षेप किया और किशोर को गिरफ्तार किया।
हालांकि, इसी दौरान 32 वर्षीय महिला पुलिस की कार्रवाई में बाधा डालने लगी और अधिकारी पर आक्रामक व्यवहार करने का आरोप है। वीडियो में कथित तौर पर पुलिसकर्मी को उसे ज़मीन पर धक्का देते हुए दिखाया गया है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला को कई बार चेतावनी दी गई थी। जब किशोर को पुलिस वाहन में बैठाया जा रहा था, तब भी महिला ने कथित रूप से पीड़िता को फिर धमकाया। इसके बाद सीनियर कांस्टेबल ने महिला को गिरफ्तार कर क्यूनबियन पुलिस स्टेशन ले जाया।
पुलिस ने पुष्टि की है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो की समीक्षा की जा रही है और मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।
15 वर्षीय किशोर पर डराने-धमकाने, AVO का उल्लंघन और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगे हैं। वहीं, महिला पर पुलिस कार्य में बाधा डालने और दो बार धमकाने के आरोप दर्ज हुए हैं। दोनों को सशर्त जमानत दी गई है और उन्हें 11 अगस्त को कोर्ट में पेश होना है।
यह मामला अब राज्य भर में चर्चा का विषय बन गया है, जहां पुलिस की कार्यशैली को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं। NSW पुलिस विभाग ने कहा है कि जांच पूरी होने तक कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जाएगा।