ऑस्ट्रेलिया की लोकप्रिय लॉटरी गेम पावरबॉल में अब हिस्सा लेना महंगा हो गया है। लॉटरी कॉरपोरेशन ने बुधवार को जारी अपने वित्तीय वर्ष 2025 के नतीजों में यह ऐलान किया कि नवंबर 2025 से पावरबॉल की प्रति गेम एंट्री कीमत 20 सेंट बढ़ाकर 1.20 डॉलर से 1.40 डॉलर कर दी जाएगी।
कंपनी ने वित्तीय वर्ष 2025 में 3.7 अरब डॉलर का राजस्व दर्ज किया, जो पिछले साल की तुलना में 6.2 प्रतिशत कम है। वहीं, नेट प्रॉफिट 365 मिलियन डॉलर रहा, जो 2024 के मुकाबले 11.7 प्रतिशत घटा।
कंपनी की एमडी और सीईओ सू वैन डेर मर्वे ने कहा कि लॉटरी डिविजन (केनो, पावरबॉल, सैटरडे लॉटरी आदि) ने चुनौतियों के बावजूद “मजबूत प्रदर्शन” दिया। इस दौरान तीन बार 100 मिलियन डॉलर का पावरबॉल जैकपॉट और एक बार 100 मिलियन डॉलर का ओज़ लॉटरी जैकपॉट निकला।
कंपनी का कहना है कि टिकट कीमतों में यह इजाफा इनाम राशि और रिटेलर्स की कमीशन बढ़ाने के लिए किया गया है।
“यह बदलाव पावरबॉल को हमारे प्रीमियम जैकपॉट गेम के रूप में और मजबूत करेगा,” सीईओ ने कहा।
सैटरडे लॉटरी में पहले ही बदलाव किया जा चुका है। अब डिविजन प्राइज 5 मिलियन से बढ़कर 6 मिलियन डॉलर हो गया है, जबकि टिकट कीमत में 10 सेंट की बढ़ोतरी हुई है।
केनो टर्नओवर 4.6 प्रतिशत बढ़ा है, लेकिन डिजिटल टर्नओवर 18.6 प्रतिशत घटा। इसका कारण ऑनलाइन खिलाड़ियों के लिए अनिवार्य खर्च सीमा लागू करना बताया गया।
कंपनी को उम्मीद है कि आने वाले साल में इन कीमतों में बढ़ोतरी से राजस्व में सुधार होगा। साथ ही डिजिटल क्षेत्र में ग्राहकों को व्यक्तिगत अनुभव और बेहतर उत्पादकता के जरिए कंपनी लंबी अवधि में मूल्य निर्माण करना चाहती है।