गणतंत्र दिवस परेड में भावुक दिखे प्रधानमंत्री मोदी, ऑपरेशन ‘सिंदूर’ के प्रदर्शन पर आसन छोड़कर खड़े हुए

गणतंत्र दिवस परेड में भावुक दिखे प्रधानमंत्री मोदी, ऑपरेशन ‘सिंदूर’ के प्रदर्शन पर आसन छोड़कर खड़े हुए

नई दिल्ली।
गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ पर आयोजित भव्य परेड के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भावुक नजर आए। परेड की शुरुआत के कुछ समय बाद जब भारतीय सेना और वायुसेना ने ऑपरेशन ‘सिंदूर’ का विशेष हवाई प्रदर्शन किया, तो प्रधानमंत्री अपने आसन से खड़े हो गए और पूरे सम्मान के साथ उस क्षण को निहारते दिखाई दिए।

जैसे ही सेना के हेलीकॉप्टर ऑपरेशन ‘सिंदूर’ का प्रतीकात्मक ध्वज लेकर कर्तव्य पथ के ऊपर से गुजरे, प्रधानमंत्री मोदी ने खड़े होकर भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य और बलिदान को नमन किया। इस दौरान वे मुख्य अतिथि उर्सुला वॉन डेर लेयेन और एंटोनियो कोस्टा को भारत की सैन्य परंपरा, सांस्कृतिक विविधता और ऑपरेशन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी देते भी दिखे।

प्रधानमंत्री का यह भावुक क्षण कैमरों में कैद हो गया, जिसे दूरदर्शन सहित विभिन्न मंचों पर प्रसारित किया गया। परेड में सेना की शक्ति, अनुशासन और देश की सांस्कृतिक झलक ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

गौरतलब है कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह में यूरोपीय संघ के शीर्ष नेतृत्व को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है, जो भारत और यूरोप के मजबूत होते रणनीतिक संबंधों का प्रतीक माना जा रहा है।