ऑस्ट्रेलिया में वोटिंग की उम्र घटाने की मांग तेज, युवाओं को भी मिले लोकतांत्रिक अधिकार: सांसद मोनिका रायन

ऑस्ट्रेलिया में वोटिंग की उम्र घटाने की मांग तेज, युवाओं को भी मिले लोकतांत्रिक अधिकार: सांसद मोनिका रायन

ब्रिटेन में हाल ही में पास हुए एक ऐतिहासिक कानून के बाद अब ऑस्ट्रेलिया में भी 16 साल की उम्र में मतदान का अधिकार देने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। स्वतंत्र सांसद मोनिका रायन और कई अन्य राजनेता चाहते हैं कि ऑस्ट्रेलिया के युवा भी अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें – खासकर जब वे पहले से ही काम कर रहे हैं, टैक्स भर रहे हैं और कई जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।

ब्रिटेन बना प्रेरणा, ऑस्ट्रेलिया में मांग हुई मजबूत

ब्रिटेन में अब 16 वर्ष और उससे अधिक उम्र के नागरिक आगामी आम चुनावों में वोट डाल सकेंगे, हालांकि वहां मतदान अनिवार्य नहीं है। ऑस्ट्रेलियाई सांसदों का मानना है कि यह कदम एक मिसाल है, जिसे ऑस्ट्रेलिया में भी लागू किया जाना चाहिए।

कोयॉंग क्षेत्र से सांसद मोनिका रायन ने कहा, "हमारे जैसे लोकतांत्रिक देश को युवाओं की भागीदारी को और मजबूत करना चाहिए। जो सरकार के निर्णयों से प्रभावित होते हैं, उन्हें उस सरकार को चुनने का अधिकार भी मिलना चाहिए।"

"कम उम्र, ज्यादा जिम्मेदारी – फिर क्यों नहीं वोटिंग का अधिकार?"

ग्रीन्स पार्टी के सीनेटर जॉर्डन स्टील-जॉन ने पहले ही 2018 में यह प्रस्ताव रखा था, लेकिन उस समय की मॉरिसन सरकार ने इसे खारिज कर दिया था। उनका तर्क साफ था – "अगर 16-17 साल के किशोर टैक्स भरते हैं, नौकरी करते हैं, कार चलाते हैं, अनुबंध पर हस्ताक्षर करते हैं, सेना में भर्ती होते हैं, और कुछ मामलों में वयस्क की तरह सजा पाते हैं – तो फिर वोट देने का अधिकार क्यों नहीं?"

Youth Action NSW का कहना है कि 18 साल से कम उम्र के युवा हर साल करीब 51 मिलियन डॉलर का इनकम टैक्स देते हैं। ये आंकड़े दिखाते हैं कि युवा केवल दर्शक नहीं, बल्कि समाज और अर्थव्यवस्था के सक्रिय हिस्सेदार हैं।

राजनीतिक जागरूकता और भागीदारी

रायन ने इस मुद्दे पर एक निजी सदस्य बिल लाने की घोषणा की है और 'Make it 16' नामक युवाओं द्वारा चलाए जा रहे अभियान के साथ मिलकर इस मुहिम को संसद में उठाएंगी। उनका कहना है कि युवा न केवल जागरूक हैं, बल्कि उनमें देश की राजनीति में हिस्सा लेने की तीव्र इच्छा है।

"जिन देशों ने युवाओं को शुरुआत में वोटिंग का मौका दिया, वहां देखा गया कि वे जिंदगी भर राजनीतिक रूप से सक्रिय रहते हैं," रायन ने कहा।

क्या है विरोध में दलीलें?

हालांकि विरोध में यह तर्क दिया जाता रहा है कि 16-17 साल की उम्र में राजनीतिक परिपक्वता की कमी होती है। 2018 की एक संसदीय जांच में एक आम नागरिक ने कहा था कि "अधिकतर किशोर राजनीतिक प्रणाली के बारे में कम जानकारी रखते हैं और उनका वोट लोकतंत्र का मजाक बना सकता है।"

पहले भी बदली है वोटिंग की उम्र

ध्यान देने योग्य बात यह है कि ऑस्ट्रेलिया में वोटिंग की उम्र पहले भी बदली जा चुकी है। 1973 में वोटिंग की उम्र 21 से घटाकर 18 कर दी गई थी। उस समय तर्क था कि यदि युवा युद्ध में देश के लिए जान दे सकते हैं, तो उन्हें वोट देने का अधिकार भी होना चाहिए।