बारिश बनी चिंता का कारण, भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल पर मंडराया खतरा

बारिश बनी चिंता का कारण, भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल पर मंडराया खतरा

टी20 विश्व कप 2026 अब अपने निर्णायक चरण में पहुंच चुका है और सभी की निगाहें सेमीफाइनल मुकाबलों पर टिकी हुई हैं। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच रोमांचक भिड़ंत होने वाली है, जबकि दूसरा सेमीफाइनल कोलकाता के ईडन गार्डन्स में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। हालांकि इस बड़े मुकाबले से पहले मौसम ने क्रिकेट प्रशंसकों और टीम इंडिया की चिंता बढ़ा दी है।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार मुंबई में मैच के दिन बारिश की संभावना जताई गई है। यदि बारिश के कारण मुकाबला बाधित होता है, तो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के नियमों के कारण भारत के लिए स्थिति मुश्किल हो सकती है। इसी वजह से टीम इंडिया के प्रशंसकों के बीच तनाव बढ़ गया है।

आईसीसी ने नॉकआउट मुकाबलों के लिए रिजर्व डे का प्रावधान रखा है। यदि निर्धारित दिन पर बारिश के कारण मैच पूरा नहीं हो पाता, तो मुकाबला अगले दिन यानी रिजर्व डे पर जारी किया जाएगा या दोबारा खेला जाएगा। इसके साथ ही मैच के दिन 90 मिनट का अतिरिक्त समय और रिजर्व डे पर 120 मिनट का अतिरिक्त समय रखा गया है, ताकि बारिश से प्रभावित मैच को पूरा कराया जा सके।

फाइनल मुकाबले के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। फाइनल के दिन और उसके रिजर्व डे दोनों पर 120 मिनट का अतिरिक्त समय उपलब्ध रहेगा, जिससे किसी भी स्थिति में विजेता तय किया जा सके।

टी20 विश्व कप का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। ऐसे में सभी टीमों की नजरें सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में जगह बनाने पर टिकी हैं।

अब देखना दिलचस्प होगा कि मुंबई का मौसम इस हाई-वोल्टेज मुकाबले को किस हद तक प्रभावित करता है और क्या टीम इंडिया मैदान पर इंग्लैंड को मात देकर फाइनल का टिकट हासिल कर पाती है या नहीं।