सिडनी।
ऑस्ट्रेलिया में एक लोकप्रिय जिम चेन को बिना लाइसेंस संगीत चलाने के मामले में भारी जुर्माना भरना पड़ा है। दिलचस्प बात यह रही कि इस मामले का खुलासा लोकप्रिय म्यूज़िक पहचानने वाले ऐप Shazam की मदद से हुआ।
न्यू साउथ वेल्स और विक्टोरिया में संचालित “S1” नामक जिम चेन के मालिक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) किरन टर्नर पर अदालत ने कुल 2 लाख 60 हजार डॉलर (करीब ₹26 करोड़) से अधिक का जुर्माना लगाया है। वर्ष 2026 तक इस चेन का केवल एक जिम, कूजी (Coogee) में, संचालित रह गया है।
ऑस्ट्रेलियन परफॉर्मिंग राइट एसोसिएशन (APRA) को संदेह था कि S1 जिम में कॉपीराइट के तहत संरक्षित संगीत बिना लाइसेंस के बजाया जा रहा है। APRA ने कई बार जिम प्रबंधन को लाइसेंस लेने की पेशकश की, लेकिन उसे नजरअंदाज कर दिया गया।
इसके बाद APRA ने जांच शुरू की। नवंबर 2022 में एक अनुपालन अधिकारी ने जिम की फिटनेस क्लास में भाग लिया और अपने मोबाइल फोन से संगीत रिकॉर्ड किया। इसी दौरान Shazam ऐप की मदद से बजाए जा रहे गानों की पहचान की गई।
जांच में पाया गया कि जिम में Avicii, AC/DC, Ariana Grande, Calvin Harris, 50 Cent, Fatboy Slim जैसे अंतरराष्ट्रीय कलाकारों के गीत बजाए जा रहे थे। अदालत ने 25 ऐसे संगीत कार्यों को चिन्हित किया, जिन पर APRA का कॉपीराइट था।
फेडरल सर्किट एंड फैमिली कोर्ट ने माना कि जिम में फिटनेस क्लास के दौरान जनता से शुल्क लेकर संगीत बजाया जा रहा था, जो सार्वजनिक प्रदर्शन की श्रेणी में आता है और इसके लिए लाइसेंस अनिवार्य है।
न्यायाधीश ने कहा कि किरन टर्नर को यह पूरी जानकारी थी कि संगीत के लिए लाइसेंस आवश्यक है, इसके बावजूद उन्होंने जानबूझकर नियमों की अनदेखी की। अदालत ने उनके आचरण को “फ्लैग्रेंट” (जानबूझकर और गंभीर उल्लंघन) करार दिया।
जिम कंपनियों पर: $86,550
ब्याज: $13,848
किरन टर्नर पर अतिरिक्त दंड: $75,000
कुल जुर्माना: लगभग $261,948
यह फैसला सभी व्यवसायों के लिए चेतावनी है कि सार्वजनिक स्थानों पर संगीत बजाने के लिए वैध लाइसेंस लेना अनिवार्य है, चाहे वह जिम हो, कैफे हो या कोई अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान।