शिखर धवन दूसरी बार रचाएंगे शादी, फरवरी में सोफी शाइन के साथ सात फेरे

शिखर धवन दूसरी बार रचाएंगे शादी, फरवरी में सोफी शाइन के साथ सात फेरे

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज Shikhar Dhawan एक बार फिर शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। शिखर धवन फरवरी 2026 में अपनी गर्लफ्रेंड Sophie Shine से विवाह करेंगे। यह शादी फरवरी के तीसरे सप्ताह में दिल्ली-एनसीआर में आयोजित होने की संभावना है, जिसे भव्य रूप देने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।

धवन और सोफी लंबे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। दोनों को पहली बार सार्वजनिक रूप से आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान साथ देखा गया था, जिसके बाद इस रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। बाद में दोनों ने खुद अपने रिश्ते पर मुहर लगाई। हाल ही में शिखर धवन के 40वें जन्मदिन पर सोफी द्वारा किया गया भावुक सोशल मीडिया पोस्ट भी खासा चर्चा में रहा।

आयरलैंड की रहने वाली सोफी शाइन पेशे से प्रोडक्ट कंसल्टेंट हैं और वर्तमान में अबू धाबी स्थित एक कंपनी में सेकेंड वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत हैं। उनका जन्म जून 1990 में लिमरिक (आयरलैंड) में हुआ था। उन्होंने लिमरिक इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से मार्केटिंग और मैनेजमेंट में डिग्री हासिल की है।

शादी को लेकर बताया जा रहा है कि इसमें क्रिकेट और बॉलीवुड जगत की कई जानी-मानी हस्तियों को आमंत्रित किया जाएगा। तैयारियों की जिम्मेदारी खुद शिखर धवन संभाल रहे हैं ताकि आयोजन में किसी तरह की कमी न रहे। सोफी शाइन फिलहाल शिखर धवन फाउंडेशन की प्रमुख भी हैं, जो ‘दा वन स्पोर्ट्स’ की परोपकारी इकाई है।

गौरतलब है कि बीते कुछ महीनों से इस कपल की शादी को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं, जो अब सच साबित होती नजर आ रही हैं। फरवरी में होने वाली यह शादी शिखर धवन के जीवन की नई पारी की शुरुआत मानी जा रही है।