सिडनी में मकानों की औसत कीमतें अब तक के सबसे उच्च स्तर पर पहुंच गई हैं। हाल ही में जारी डेटा के अनुसार, मार्च से जून 2025 के बीच घरों की कीमतों में 2.6% की तेज़ वृद्धि हुई है, जिससे औसत घर की कीमत पहली बार $1.7 मिलियन तक पहुँच गई है।
यह इस दो साल में सबसे तेज़ तिमाही वृद्धि है, जो मुख्य रूप से बढ़ती प्रतिस्पर्धा और ब्याज दरों में कटौती के कारण संभव हो पाई है। रिज़र्व बैंक ने इस साल फरवरी और मई में ब्याज दरें घटाई थीं, जिससे घर खरीदना आसान हुआ।
सबसे अधिक वृद्धि: पश्चिमी उपनगरों में
सबसे ज्यादा कीमतों में बढ़ोतरी साउथ वेंटवर्थविल में हुई, जहां घरों की औसत कीमत 37% बढ़कर $1.25 मिलियन हो गई। इसके बाद कैमरे, सैंस सूसी, बैंकस्टाउन, लाखेम्बा और माउंट प्रिचर्ड जैसे पश्चिमी उपनगरों में भी 20% से अधिक की बढ़ोतरी देखी गई।
महंगे इलाके स्थिर
सिडनी के सबसे महंगे इलाकों जैसे बेलव्यू हिल, वॉक्लूज और ब्रोंटे की कीमतों में ज्यादा बदलाव नहीं आया। यहाँ घरों की औसत कीमतें क्रमशः $9.9 मिलियन, $7 मिलियन और $6.2 मिलियन के आसपास बनी हुई हैं।
सबसे सस्ते इलाके
जहां एक ओर घरों की कीमतें बढ़ रही हैं, वहीं ऑक्सली पार्क, वेरींगटन और ट्रेगियर जैसे इलाके अभी भी सस्ते माने जाते हैं, जहाँ औसत कीमत $757,500 से $780,000 के बीच है।
अपार्टमेंट की कीमतों में भी वृद्धि
अपार्टमेंट की कीमतों ने भी नया रिकॉर्ड बनाया है। जून 2025 तक औसत कीमत $834,000 पहुँच गई है, जो मार्च के मुकाबले 1.5% ज्यादा है। फॉरेस्ट लॉज, किंग्सवुड और डार्लिंग पॉइंट में अपार्टमेंट की कीमतों में खासा इजाफा हुआ है, जबकि माउंट ड्रुइट, कैब्रामट्टा और फेयरफील्ड के इलाके अभी भी किफायती हैं।
विश्लेषक की राय
डोमेन की रिसर्च हेड निकोला पॉवेल के अनुसार, अब खरीददार सस्ते विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं, इसलिए पश्चिमी उपनगरों में सबसे ज्यादा तेजी देखी जा रही है।