लॉस एंजेलिस। विश्व प्रसिद्ध पॉप गायिका टेलर स्विफ्ट ने अपने ऐतिहासिक एरास वर्ल्ड टूर को सफल बनाने वाले क्रू सदस्यों के लिए ऐसा कदम उठाया है, जिसकी चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है। टेलर ने अपने टूर से जुड़े सैकड़ों कर्मचारियों को कुल मिलाकर लगभग 295.5 मिलियन डॉलर (करीब 2,450 करोड़ रुपये) का बोनस दिया है।
यह खुलासा उनकी नई डिज़्नी+ डॉक्यूसीरीज़ ‘द एंड ऑफ़ एन एरा’ में हुआ है, जिसमें एक भावुक दृश्य दिखाया गया है। वीडियो में टेलर स्विफ्ट अपने क्रू सदस्यों को इकट्ठा कर हर व्यक्ति को हाथ से लिखा हुआ धन्यवाद पत्र देती नज़र आती हैं। इन लिफ़ाफ़ों में एक बड़ा नकद बोनस भी शामिल था, जिसकी जानकारी पहले किसी को नहीं दी गई थी।
डॉक्यूमेंट्री में दिखाया गया है कि जब क्रू सदस्यों ने पत्र खोले, तो कई लोग भावुक होकर रो पड़े। पत्र में टेलर ने लिखा कि इस टूर के दौरान सभी ने अपने परिवारों से दूर रहकर कड़ी मेहनत की और दर्शकों को हर रात यादगार अनुभव दिया।
हालांकि वीडियो में बोनस की राशि को जानबूझकर छिपाया गया है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बीते दो वर्षों में टेलर ने कुल 197 मिलियन अमेरिकी डॉलर बोनस के रूप में वितरित किए। एक क्रू सदस्य को अकेले 1 लाख डॉलर (लगभग 83 लाख रुपये) तक का बोनस मिलने की भी खबर है।
इस बोनस का लाभ केवल कलाकारों तक सीमित नहीं रहा। इसमें डांसर, म्यूज़िशियन, हेयर और मेकअप आर्टिस्ट, फिज़ियोथेरेपिस्ट, कोरियोग्राफर, मर्चेंडाइज़ स्टाफ, कैटरिंग टीम, ट्रक ड्राइवर और तकनीकी कर्मचारी सभी शामिल थे।
डॉक्यूसीरीज़ में टेलर स्विफ्ट कहती हैं कि यह केवल ‘धन्यवाद’ कहने का तरीका नहीं है, बल्कि एक मिसाल कायम करना भी है। उनका मानना है कि यदि टूर ज़्यादा कमाई करता है, तो उसका लाभ उन लोगों तक भी पहुँचना चाहिए जो पर्दे के पीछे दिन-रात मेहनत करते हैं।
गौरतलब है कि एरास टूर दुनिया के सबसे सफल संगीत दौरों में से एक रहा है। हाल ही में एक टीवी शो में टेलर ने संकेत दिया कि उन्होंने इस टूर से करीब 360 मिलियन डॉलर (लगभग 3,000 करोड़ रुपये) की कमाई की।
टेलर स्विफ्ट ने यह भी बताया कि उन्होंने इस कमाई का बड़ा हिस्सा अपने पुराने म्यूज़िक एल्बम्स के अधिकार (म्यूज़िक मास्टर्स) दोबारा खरीदने में लगाया है।
उन्होंने कहा,
“मेरे प्रशंसकों की वजह से ही मैं अपना संगीत वापस खरीद पाई। यही मेरे लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है।”