आतंकी पन्नू की धमकी के बाद दिल्ली में सुरक्षा कड़ी

आतंकी पन्नू की धमकी के बाद दिल्ली में सुरक्षा कड़ी

नई दिल्ली, 14 अगस्त 2025।
खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह उर्फ पन्नू की धमकी के बाद स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। खुफिया विभाग से मिले विशेष इनपुट के आधार पर दिल्ली पुलिस ने राजधानी और एनसीआर में सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए हैं। माना जा रहा है कि पन्नू देश का माहौल बिगाड़ने की साजिश रच रहा है, खासकर स्वतंत्रता दिवस के मौके पर।

अमेरिका में भारत विरोधी गतिविधियों के बाद बढ़ी चिंता

हाल ही में अमेरिका में स्वामी नारायण मंदिर की दीवारों पर पन्नू के इशारे पर भारत विरोधी और खालिस्तान समर्थक नारे लिखे गए थे। पन्नू ने अपने समर्थकों से अपील की थी कि ऐसे नारे लिखकर उनके वीडियो भेजें। यह घटना अमेरिका में पहले भी दोहराई जा चुकी है, जब कैलिफोर्निया के एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाया गया था।

पुलिस और खुफिया एजेंसियों की सख्ती

ऑपरेशन ‘सिंदूर’ के बाद से खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय और खुफिया विभाग द्वारा मिले अलर्ट के बाद दिल्ली पुलिस आयुक्त एस.बी.के. सिंह ने बुधवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। इसमें स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई और सभी जिलों के पुलिस उपायुक्तों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए।

संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी

दिल्ली में स्कूलों, मेट्रो स्टेशनों, ऐतिहासिक धरोहरों, मरकज और गुरुद्वारों के आसपास सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। एक अगस्त के बाद से इन स्थानों पर कम समय के लिए ठहरने वाले लोगों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

जनता से सतर्क रहने की अपील

दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त संजय त्यागी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर सुरक्षा के सभी इंतज़ाम पूरी तरह चौक-चौबंद हैं। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।